राजधानी में टीकाकरण की रफ्तार फिर से बढ़ने लगी है। अब तक करीब 50 लाख युवाओं को वैक्सीन लग चुकी है। इनमें 43 लाख को पहली और सात लाख को दूसरी खुराक लगी है। दिल्ली में युवाओं की आबादी 92 लाख है। इस हिसाब से देखें तो टीकाकरण के लिए पात्र युवा आबादी में से 46.59 फीसदी को पहली खुराक लग चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में 12 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। अब तक कुल एक करोड़ 16 लाख 60 हजार लोगों को टीका लग चुका है। इनमें से 83 लाख 47 हजार को पहली और 33 लाख 13 हजार को दूसरी खुराक लग चुकी है।
कुल टीकाकरण में 45 से अधिक आयुवर्ग के लोगों की संख्या सबसे अधिक है। इसके बाद युवाओं का स्थान है। पिछले 24 घंटे में 1,56, 217 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है।
जीटीबी अस्पताल के डॉक्टर विनय कुमार का कहना है कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के खतरे को कम करने के लिए अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण होना जरूरी है। फिलहाल राजधानी में वैक्सीनेशन की रफ्तार ठीक है, हालांकि इसे और बढ़ाना चाहिए।