आंबेडकर विश्वविद्यालय में चौथी कटऑफ के तहत स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के अवसर खत्म हो गए हैं। बुधवार को दाखिले के लिए फीस जमा कराने के अंतिम दिन के साथ दाखिला खिड़की बंद हो गई है। अब छात्र शक्रवार को जारी होने वाली पांचवी कटऑफ में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से गत 28 अक्तूबर को चौथी कटऑफ की घोषणा की गई थी। इसके लिए 29 अक्तूबर से दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसी कटऑफ के तहत को-करिकुलर एक्टिविटिज(सीसीए) व स्पोर्ट्स कोटे के लिए भी दाखिले समाप्त हो गए हैं। हालांकि, इस श्रेणी में जिन छात्रों का नाम प्रतीक्षा सूची में है वे पांचवी कटऑफ में भी आवेदन कर सकते हैं। पांचवी कटऑफ के लिए दाखिला प्रक्रिया छह नवंबर से लेकर नौ नवंबर तक जारी रहेगी। छात्र सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, दाखिले के लिए 10 और 11 नवंबर को फीस जमा करा सकते हैं।
अभी तक विश्वविद्यालय में अमूमन सभी प्रमुख कोर्स में दाखिले के लिए सीटें भर गई हैं। चौथी कटऑफ तक बीए ऑनर्स व बीए ऑनर्स सोशल साइंसेज एंड ह्यूमानिटिज में आरक्षित वर्ग की सीटें फुल हो गई थी। वहीं, बीए ऑनर्स साइकोलॉजी में सभी वर्ग में एक भी सीट नहीं थी। छात्रों के पास बीए ऑनर्स हिंदी, बीए इन सस्टेनेबल अर्बानिज्म, बैचलर ऑफ वोकेशनल इन रिटेल मैनेजमेंट व टूरिज्म एंड हास्पिटैलिटी समेत अन्य कोर्स में दाखिले के अवसर हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से यह अंतिम कटऑफ रहेगी। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं तो छठी कटऑफ के साथ सीटें भरने के लिए स्पेशल ड्राइव की भी सहायता ली जा सकती है।