रोहिणी से तिमारपुर के बीच महज 15 मिनट में लूटपाट की दो और हत्या की एक वारदात करने वाले सगे मामा-भांजे की जोड़ी समीर उर्फ शहजाद (30) और फैजान उर्फ फुरकान (25) को तीन जिलों की पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार किया है।
यूपी में बुलंदशहर के खुर्जा में मुंडाखेड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले दोनों बदमाशों से वारदात में इस्तेमाल यामाहा की स्पोर्ट्स बाइक भी मिल गई है। रोहिणी साउथ और रोहिणी नॉर्थ थाना पुलिस के साथ जिले का स्पेशल स्टाफ भी जांच में लगा। इन्होंने मजनूं का टीला इलाके में 45 वर्षीय मीना तमांग की हत्या का इकबाल किया है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस ने बताया कि 17 मार्च की सुबह करीब 6:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने रोहिणी सेक्टर-7 इलाके में पिस्टल दिखाकर दो महिलाओं से लूटपाट की थी। करीब 6:45 बजे इन बदमाशों ने उत्तरी जिले के तिमारपुर थाने के मजनूं का टीला इलाके की अरुणा कॉलोनी में नेपाली महिला मीना तमांग (45) की गोली मारकर हत्या कर सीसीटीवी जांच के साथ आरोपियों के स्कैच भी तैयार कराए गए। पुलिस ने कश्मीरी गेट से अक्षरधाम मंदिर तक करीब 25 किलोमीटर के दायरे में लगे 100 कैमरों की जांच की। जांच में दक्षिण जिला पुलिस भी लग गई।
अक्षरधाम के पास बदमाश गायब हुए थे। पुलिस को पता चला कि उन्होंने पांडव नगर में कहीं कपड़े बदले और फिर उसी बाइक से गीता कॉलोनी गए थे। इसके बाद गीता कॉलोनी की वेस्ट लक्ष्मी मार्केट से शहजाद और फुरकान को दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि वे सगे मामा-भांजे हैं। उन्होंने मजनूं का टीला के पास एक महिला से लूटपाट का प्रयास किया था। विरोध करने पर गोली चलाई, जो दुकान खोल रही मीना तमांग को लग गई। यामाहा स्पोर्ट्स बाइक इन्होंने मयूर विहार से चोरी की थी।
शहजाद और फुरकान को पुलिस ने शनिवार की देर रात दबोचा। उस समय ये लूट में इस्तेमाल की गई बाइक की नंबर प्लेट बदल रहे थे। सादे कपड़ों वाली पुलिस से घिरा देखकर इन्होंने पेचकस और सर्जिकल ब्लेड से हमले का प्रयास किया। नाकाम रहने पर इन्होंने अपने सिर में ही सर्जिकल ब्लेड से वार कर लिए। इससे दोनों घायल हो गए। तब तक हो-हल्ला देखकर स्थानीय लोग भी जमा हो गए। वहां शोर-शराबा शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस को दो हवाई फायर करने पड़े। पुलिस ने शहजाद और फुरकान को दबोचकर अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों के खिलाफ गीता कॉलोनी थाने में हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा और ड्यूटी के दौरान हमले का मामला भी दर्ज किया गया है।