नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2021-22 में स्नातक के 12 और पीजी, एमफिल, पीएचडी के सभी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रवेश परीक्षा 26 सितंबर से एक अक्तूबर तक होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से ये परीक्षाएं दिल्ली एनसीआर समेत देश के 27 शहरों में आयोजित की जाएंगी। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।
परीक्षा का आयोजन तीन शिफ्टों में सुबह 8 से 10 बजे, दोपहर 12.30 से 2.30 बजे, शाम 5 से 7 बजे होगा। पहले दिन 26 सितंबर को तीन शिफ्टों में पीजी, एमफिल-पीएचडी स्तर के कोर्सेज की परीक्षा होगी। जबकि 27 सितंबर को बीए ऑनर्स मल्टी मीडिया एंड मॉस कम्यूनिकेशन की परीक्षा केवल लड़कियों के लिए सुबह 8 से 10 बजे तक होगी। इसी दिन दोपहर 12.30 बजे से 2.30 बजे तक बीएमएस, बीबीए, बीए ऑनर्स बिजनेस इकनॉमिक्स शिफ्ट-1 की परीक्षा और शाम 5 बजे से 7 बजे इन्हीं कोर्सेज की दूसरे शिफ्ट की परीक्षा होगी। इसी दिन सुबह की पाली में बीएड स्पेशल एजुकेशन की परीक्षा भी होगी।
29 सितंबर को सुबह की पाली में एलएलबी, दोपहर 12.30 बजे बीपीईडी शाम पांच बजेे बीएड की परीक्षा होगी। 30 सितंबर को सुबह की पाली में पांच वर्षीय जर्नलिज्म कोर्स की परीक्षा आयोजित होगी। कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को दो घंटे मिलेंगे। बहुविकल्प परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के चार अंक होंगे। गलत जवाब देने पर एक अंक कटेगा। सेंटरों पर कोरोना संबंधी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को एनटीए और डीयू की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के 27 केंद्रों पर होगी परीक्षा
प्रवेश परीक्षा दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, साहिबाबाद, गाजियाबाद, अहमदाबाद, अमृतसर, बंगलूरू, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, कटक, देहरादून, गुवाहाटी, हैदराबाद, इंफाल, जयपुर, जम्मू, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, पटना, रायपुर, रांची, शिलांग, शिमला, श्रीनगर, तिरुवंतपुरम, वाराणसी केंद्रों पर होगी।