पंजाब के लिए भी
नौकरी का झांसा देकर युवक को रोम भेजने की कोशिश
दिल्ली हवाई अड्डे पर युवक के पास फर्जी पासपोर्ट मिलने पर अधिकारियों ने पकड़ा
पांच लाख रुपये लेने के बाद एजेंटों ने युवक को मुहैया कराया था फर्जी पासपोर्ट और वीजा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नौकरी का झांसा देकर एक युवक को रोम भेजने की कोशिश का मामला सामने आया है। एजेंट ने पांच लाख रुपये लेकर युवक को दूसरे के पासपोर्ट और वीजा पर विदेश भेजने की कोशिश की। मगर दिल्ली एयरपोर्ट पर युवक के कागजात की जांच के दौरान फर्जीवाड़ा खुल गया। एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारियों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 30 जनवरी की रात एक युवक दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डा पर पहुंचा। जहां वह काउंटर नंबर 23 पर प्रस्थान आव्रजन की मंजूरी के लिए गया। युवक के पास सुखवंत सिंह के नाम से पासपोर्ट और वीजा था। उसे फ्रांस होेते हुए रोम, इटली जाना था। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसके कागजात की जांच की। जांच के दौरान पासपोर्ट पर लगे फोटो से युवक का मिलान नहीं हो रहा था। पासपोर्ट की जांच करने पर पता चला कि सुखवंत नाम का व्यक्ति नौ दिसंबर को अमृतसर हवाई अड्डा से इटली के लिए प्रस्थान कर चुका है।
शक होने पर अधिकारियों ने युवक से पूछताछ की। युवक ने अपना नाम प्रदीप सिंह बताया। उसने बताया कि वह होशियारपुर पंजाब का रहने वाला है। वहीं के एक एजेंट समर सिंह ने उसे विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। एजेंट ने उसे पांच लाख रुपये लेकर पासपोर्ट और वीजा देने का वादा किया। समर सिंह ने एक दूसरे एजेंट से संपर्क कर पासपोर्ट और वीजा का इंतजाम किया। इस बात का खुलासा होने पर एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारियों ने उसे आईजीआई थाना पुलिस के हवाले कर दिया। जांच में पता चला कि एजेंटों ने प्रदीप बोर्डिंग पास खरीदकर और अन्य सभी चीजों का प्रबंध करके उसे हवाई अड्डे के भीतर भेजा। पुलिस ने प्रदीप के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रदीप की निशानदेही पर फरार एजेंटों की तलाश में जुटी है।