पूर्वी दिल्ली के मंडावली तालाब पार्क में बहुत जल्द एक ही प्लेटफार्म पर यहां की तीन पीढ़ियों को बहुसुविधाएं मिल सकेंगी। तालाब वाले पार्क को चार खंडों में संवारने का काम हो रहा है। यहां युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, चिल्ड्रेन कार्नर और सीनियर सिटीजन कार्नर विकसित किया जा रहा है। इसमें तीनों पीढ़ियों के लिए अलग-अलग खास सुविधाएं होंगी।
मंडावली तालाब पार्क को पूर्वी दिल्ली नगर निगम संवार रहा है। करीब 25 साल पहले यहां डंपिंग ग्राउंड था। फिर निगम ने इसे हेडगेवार पार्क के रूप में विकसित किया। करीब 7.2 एकड़ में फैला यह पार्क कई साल से बदहाल हो चुका था। इसकी बाउंड्री आदि क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और यहां मवेशियों का जमावड़ा होता था, पार्क में धूल उड़ती थी।
हाल ही में पूर्वी निगम के आयुक्त विकास आनंद ने इस पार्क को संवारने के लिए स्थानीय सांसद गौतम गंभीर के समक्ष एक प्रस्ताव रखा था, जिस पर सहमति प्रदान करते हुए सांसद ने एमपी फंड से 1.5 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं, जिससे इस जगह पर नागरिकों के लिए बहुसुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
लैंड स्कैपिंग करके बनेगा माउंट गार्डेन : हार्टिकल्चर विभाग के डायरेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि यहां सीनियर सिटीजन के लिए लैंड स्कैपिंग से माउंट गार्डेन बनाया जाएगा। बैठने के लिए दो गार्डेन हाट, आरसीसी की 40 बेंच लगाई जाएंगी। स्वदेशी प्लांट लगाए जाएंगे, जिसमें मौसमी फूल, श्रव्य और फूलों के हेज बनाए जाएंगे।
50 केएलडी का अपना एसटीपी होगा : परियोजना के अंतर्गत 50 किलो लीटर प्रतिदिन क्षमता का यहां एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनेगा, जो नाले के पानी को साफ करके तालाब तक पहुंचाएगा। निगम ने यह सारा काम एक महीने के भीतर पूरा करने की योजना बनाई है। इसलिए काम तेजी से चल रहा है।
एक चौथाई हिस्से में बनाया जाएगा तालाब
इसके एक चौथाई हिस्से में तालाब बनेगा, जिसकी खुदाई चालू है। बाकी जगह पर तीन पीढ़ियों के लिए सुविधाएं विकसित होंगी। युवाओं के लिए बैडमिंटन, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट, बच्चों के लिए छह तरह के झूले और सीनियर सिटीजन के लिए एक लॉन होगा, जिसमें एक फ्लावर बेड और हेज लगाया जाएगा।