किसी ने पुलिस व एंबुलेंस को नहीं दी सूचना, एक राहगीर ने युवक के ही मोबाइल से पिता का खबर दी। पुलिस व एंबुलेंस के पहुंचने से पहले पिता मौके पर पहुंचा, बाद में ले जाया गया जीटीबी अस्पताल। वहां हुई मौत।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में एक बाइक ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक बुरी तरह घायल होने के बाद तड़पने लगा। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन किसी ने भी न तो पुलिस को खबर दी और न ही एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। एक राहगीर ने युवक के ही मोबाइल से उसके परिवार को खबर दी।
विज्ञापन
पुलिस और एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही उसके पिता वहां पहुंच गए। पीड़ित कृष्ण पाल अपने बेटे प्रताप (28) को जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सड़क हादसे में मौत का मामला दर्ज कर आरोपी बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक प्रताप परिवार के साथ ईस्ट गोकुलपुर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता कृष्ण पाल, मां व पत्नी है। प्रताप एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। शुक्रवार दोपहर के समय वह किसी से काम से पैदल ही निकला था। इस बीच लोनी रोड पर एमआईजी फ्लैट के पास तेज रफ्तार बाइक ने प्रताप को जोरदार टक्कर मार दी। प्रताप टक्कर लगते ही काफी दूर जा गिरा।
विज्ञापन
उसके सिर व कमर में गंभीर चोट लगी। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने प्रताप को सड़क से उठाकर उसे फुटपाथ पर लिटा दिया। इस दौरान आरोपी मौके का फायदा उठाकर बाइक समेत वहां से फरार हो गया। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी। एक राहगीर ने किसी तरह प्रताप का मोबाइल उससे खुलवाकर उसके पिता को खबर दी।
कुछ ही देर बाद कृष्ण पाल वहां पहुंच गए। बेटे को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले गए, जहां इलाके के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रताप के पिता ने आरोप लगाया कि यदि समय पर उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। प्रताप को हादसे के करीब एक घंटे बाद अस्पताल पहुंचाया गया था। प्रताप की मौत के बाद उसे परिवार का रोते-रोते बुरा हाल है। एक साल पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और जल्द ही उसकी डिलीवरी होने वाली है।