पड़ोसी राज्यों में लगातार पराली जलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। बीते घंटों में पड़ोसी राज्यों में जलने वाली पराली की वजह से दिल्ली-एनसीआर की हवा का स्तर बिगड़ा है। दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 15 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 283 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले 268 एक्यूआई दर्ज किया गया था। वहीं, शुक्रवार को गाजियाबाद की हवा 321 एक्यूआई के साथ बहुत खराब श्रेणी में दर्ज हुई है। अगले 24 घंटे में दोपहर तक हवा का स्तर बिगड़ा रहेगा व शाम से हवा में सुधार होने की उम्मीद है।
सफर के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पड़ोसी राज्यों में 1112 पराली जलने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे उत्पन्न होने वाले पीएम 2.5 कण की हवा में 20 फीसदी हिस्सेदारी रही। इससे एक दिन पहले 502 पराली जलने की घटनाएं दर्ज की गई थी। हवा में पीएम 10 का स्तर 253 व पीएम 2.5 का स्तर 124 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
पीएम 10 का स्तर जहां खराब श्रेणी में रहा वहीं, पीएम 2.5 का स्तर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, फरीदाबाद का एक्यूआई 289, गाजियाबाद का 321, ग्रेटर नोएडा का 284, गुरुग्राम का 262 व नोएडा का 282 एक्यूआई रहा।
सुहाना रहा मौसम, हल्की रही धूप
अक्तूबर का माह खत्म होने को है और सर्दी धीमी रफ्तार से दिल्ली-एनसीआर में बढ़ रही है। शुक्रवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अधिक अंतर नहीं दर्ज किया गया।अगले 24 घंटे में भी तापमान में अधिक अंतर नहीं आएगा और मौसम सामान्य रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 30.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 40 से 93 फीसदी तक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो रहा है। इससे अगले दो सप्ताह के भीतर दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदलेगा और सर्दी का अहसास बढ़ने लगेगा। अभी हवा की दिशा व तापमान में अधिक अंतर न आने के कारण सुबह व शाम के अलावा दोपहर में सर्दी के अहसास से राहत है।