नई दिल्ली। शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में 6 सितंबर पेट्रोल पंप कर्मचारियों से हुई 7.70 लाख रुपये की लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अरुण शर्मा (45) के रूप में हुई है। आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास व लूटपाट समेत 14 मामले पहले से दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल में बंद गोगी गैंग के बदमाश दीपक भजनिया के इशारे पर लूट करवाई थी। पुलिस उसके साथियों की तलाश कर रही है।
आरोपी ने बताया कि दीपक के दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। अरुण ने रेकी कर पेट्रोल पंप से कैश मूवमेंट की सूचना आरोपियों को दी। आरोपी के पास से एक लाख रुपये बरामद हुए हैं। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर सत्यसुंदरम ने बताया कि 6 सितंबर को ज्योति नगर के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के मैनेजर मणिभूषण व एक अन्य कर्मचारी से बाइक सवार बदमाशों ने 7.70 लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे 30 सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। एक फुटेज में दिखा कि बदमाशों ने वारदात से पूर्व एक शख्स से बातचीत की थी। दोनों बदमाशों से बातचीत करने वाले शख्स की पहचान अरुण के रूप में हुई। वह पेट्रोल पंप के पास ही रहता है।
आरोपी ने बताया कि उसे पता था कि रोजाना पेट्रोल पंप के कर्मचारी रकम लेकर बैंक जाते हैं। वह लगातार रेकी करता रहा। इसके बाद दीपक से मंडोली जेल में संपर्क किया। दीपक ने जेल से ही अपने दो बदमाशों को लूट के लिए भेज दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद रकम को बांट लिया गया।