पति-पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। ईस्ट आजाद नगर में फ्लैट के विवाद को लेकर पड़ोसियों की दबंगई और धमकियों ने एक कपड़ा कारोबारी की जान ले ली। काम के दौरान हुए मामूली विवाद में पड़ोसियों ने कारोबारी को इस कदर धक्का दिया कि वह मौके पर ही बेहोश हो गए और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे की शिकायत पर कृष्णा नगर थाना पुलिस ने पति-पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से राजस्थान निवासी 55 वर्षीय जगदीश प्रसाद करवा परिवार के साथ गांधी नगर की प्रेम गली सुभाष रोड पर रहते थे। परिवार में पत्नी, बड़ा बेटा अभिषेक और छोटा बेटा ऋषभ है। गांधी नगर में उनका कपड़े का कारोबार था जबकि दोनों बेटे सीए की तैयारी कर रहे हैं।
बेटे ऋषभ ने बताया कि उनके पिता ने 5 अक्तूबर को ईस्ट आजाद नगर में ग्राउंड फ्लोर पर एक फ्लैट खरीदा था। इस इमारत की पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल पर नवीन खुराना का परिवार रहता है। नए फ्लैट में रेनोवेशन का काम चल रहा था जिसे लेकर नवीन और उसका परिवार लगातार जगदीश को प्रताड़ित कर रहा था।
चाकू दिखाने और मारपीट का था आरोप
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष ने आतंक का माहौल बना रखा था। घटना से एक दिन पहले यानी 25 अक्तूबर को भी आरोपियों ने जगदीश को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि उनके साथ मारपीट भी की गई थी जिसके बाद डरे-सहमे पीड़ित कारोबारी ने मामले की शिकायत डीसीपी कार्यालय में दी थी। शिकायत के आधार पर 26 अक्तूबर को बीट स्टाफ को उनके नए फ्लैट पर मुआयना कराने के लिए भेजा गया था। पुलिस के सामने ही नवीन और उसके परिवार वाले वहां आ गए और घर से बाहर बुलाकर झगड़ा शुरू कर दिया। इसी कहासुनी के दौरान आरोपियों ने उन्हें धक्का दे दिया जिससे वे जमीन पर गिरकर अचेत हो गए।
इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
ऋषभ करवा के बयान पर कृष्णा नगर पुलिस थाने में नवीन खुराना, उसकी पत्नी मोनिका खुराना, बेटे पीयूष खुराना और भतीजे वैभव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है।