आईआईटी-जेईई करने के इच्छुक सरकारी स्कूल के 11वीं-12वीं के छात्रों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें अपने स्कूल में ही आईआईटी जेईई की कोचिंग मिल जाएगी। शिक्षा निदेशालय छात्रों एक निजी संस्थान की मदद से तैयारी करवाने जा रहा है। इसके लिए स्वास्तिक क्लासेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से निदेशालय को एक प्रस्ताव मिला था। जिसे शिक्षा निदेशालय ने मंजूरी दे दी है। तैयारी के साथ-साथ छात्रों को सौ फीसदी छात्रवृत्ति भी मिलेगी।
शिक्षा निदेशालय ने पॉयलट प्रोजेक्ट के रूप में इसके लिए दस सरकारी स्कूलों का चयन किया है। आईआईटी जेईई कक्षाओं के साथ-साथ छात्रों को सौ फीसदी छात्रवृत्ति भी मिलेगी। निदेशालय इसके लिए संस्थान को किसी प्रकार की वित्तीय सहायता प्रदान नहीं करेगा। निदेशाल की चयनित दस स्कूलों के प्रमुखों को कहा गया है कि यह पॉयलट प्रोजेक्ट चलाने की मंजूरी संस्थान को दें।
इसके लिए दिशा-निर्देश भी तैयार किए गए हैं। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि किसी भी तरह से स्कूल का कार्य प्रभावित ना हो। बच्चों की सुरक्षा का पूरी तरह से ध्यान रखा जाए। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से छात्रों की निजता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। स्कूल संस्थान को प्रोजेक्टर, माइक्रोफोन, स्पीकर, वेब कैमरा, डेस्कटॉप व लैपटॉप उपलब्ध कराएंगे। निदेशालय ने संस्थान के संबंधित अधिकारी को इसके लिए प्लान तैयार करने को कहा है।
शिक्षा निदेशालय लगातार प्रयास कर रहा है कि सरकारी स्कूल के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षा के लिए भी तैयार करें। इससे पहले निदेशालय ने 27 स्कूलों के दसवीं बोर्ड टॉपर को बच्चों को कैरियर लांचर संस्थान से जेईई-नीट की तैयारी करवाई थी।