आबकारी मामले में आरोपी पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ के जेल नंबर एक में रहेंगे। सोमवार को अदालत से न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद उन्हें जेल नंबर एक में लाया गया। फिलहाल सिसोदिया को जेल नंबर एक के सेल में रखा गया है।
यहां पर करीब आधे घंटे की प्रक्रिया होने के बाद उन्हें जेल परिसर में दाखिल किया गया। वहां से उन्हें जेल के एक सेल में ले जाया गया। जेल के अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि उनके सेल में कोई विशेष सुविधा नहीं है। अन्य कैदियों को जो सुविधाएं मिलती है वहीं सुविधा उन्हें भी दी गई है। सेल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है। सेल में जेल नियमों के मुताबिक उन्हें एक किट दी गई। जिसमें रोजमर्रा की जरूरत की चीजें होती है। जिसमें ब्रश, पेस्ट, बाल्टी मग, तौलिया, साबून और कुछ कपड़े होते हैं। जेल के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि मनीष सिसोदिया को वह सभी चीजें दी जाएगी, जिसका आदेश अदालत ने दिया है। फिलहाल उन्होंने जेल में किसी चीज की मांग नहीं की है।
खेल गतिविधि के लिए जाना जाता है जेल नंबर एक
तिहाड़ की जेल संख्या एक खेल गतिविधियों व संगीत के लिए जाना जाता है। इसी जेल में तिहाड़ का खेल उत्सव का आयोजन किया जाता है। इस जेल में बड़ा सा मैदान है। किसी अन्य जेल में इतना बड़ा मैदान नहीं है। इस मैदान में ही ओपन जिम भी है। संगीत में रुचि रखने वाले कैदी यहां बने म्यूजिक स्टूडियो में संगीत का अभ्यास करते हैं। साथ ही इसी जेल में विभिन्न व्यवसाय के लिए कैदियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।