बाबा हरिदास नगर इलाके में स्कूटी सवार युवकों ने गलियों में चालान करने का आरोप लगाकर एक ट्रैफिक पुलिस के सिपाही की पिटाई कर दी। घटना के समय सिपाही एक जब्त वाहन को लेकर गोपाल नगर कॉलोनी के पास से गुजर रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार हो गए। सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़ित सिपाही की पहचान अजय के रूप में हुई। वह ट्रैफिक के नजफगढ सर्किल में तैनात है। अजय ने अपनी शिकायत में बताया कि गुरुवार को वह चालान के बाद जब्त एक वाहन को लेकर उसे द्वारका सेक्टर 9 स्थित कार्यालय जा रहा था। जब वह गोपाल नगर कॉलोनी के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान स्कूटी से दो युवक अपनी स्कूटी जब्त वाहन के आगे लगा दी और कहने लगे कि अब पुलिस गोपाल नगर कॉलोनी की गलियों में भी ट्रैफिक चालान करेगी। बातों बातों में दोनों युवक उत्तेजित होकर मारपीट पर उतारू हो गए।
जब अजय ने विरोध किया तो दोनों उससे मारपीट करने लगे और उसकी वर्दी फाड़ दी। पिटाई की वजह से उसके गले पर चोट लगी। सिपाही ने दोनों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह फरार हो गए। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। सिपाही का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने उसके बयान पर मामला दर्ज कर लिया। सिपाही ने पुलिस को आरोपियों की स्कूटी का नंबर दिया है। जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।