नई दिल्ली। जगतपुरी इलाके में सात साल की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात के समय वह दादी के घर जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने कॉपी देने के बहाने घर ले जाकर वारदात की। घर पहुंचने के बाद बच्ची ने मां को सारी बात बताई। पुलिस ने बच्ची के बयान पर आरोपी रामदास के खिलाफ मामला दर्ज गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से रिक्शा चालक है।
बच्ची अपने परिवार के साथ जगतपुरी इलाके में रहती है। वह सरकारी स्कूल की तीसरी कक्षा में पढ़ती है। बच्ची की मां घरों में काम करती है और पिता मैकेनिक है। शिकायत के मुताबिक बच्ची की दादी परवाना रोड पर रहती हैं। सोमवार दोपहर तीन बजे बच्ची अपनी दादी के घर गई थी। वहां से रोते हुए घर पहुंची। मां के पूछने पर बताया कि बहरे अंकल कॉपी दिलाने के बहाने कमरे पर ले गया और गंदी हरकत की। महिला ने फोन कर पति को घर बुलाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाया औैर काउंसलिंग की। बच्ची ने बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ बैड टच कर चुका है और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था।