रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ के लिए डीएमआरसी ने विशेष इंतजाम किए हैं। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल के मुताबिक रक्षाबंधन पर एयरपोर्ट लाइन और लाइन-9 (ग्रे लाइन) को छोड़कर सभी लाइनों पर एक अतिरिक्त मेट्रो उपलब्ध रहेगी। जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जाएगा। पारंपरिक रूप से रक्षाबंधन के दिन बड़ी संख्या में यात्राएं होती हैं। अधिकतर यात्री अपने रिश्तेदारों और प्रियजनों से मुलाकात के लिए गंतव्य तक पहुंचने के लिए मेट्रो में सफर करते हैं।
सड़कों पर उतरेंगी दिल्ली परिवहन निगम की सभी बसें
रक्षाबंधन पर यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने बृहस्पतिवार को अपने परिवहन बेड़े की सभी बसें चलाने का फैसला लिया है। त्योहार के मौके पर बसों में सफर करने वालों की अधिक संख्या को देखते हुए डीटीसी की सभी सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन किया जाएगा।
इस दौरान चेकिंग स्टाफ भी मुस्तैद रहेंगे ताकि बसों में बेटिकट यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की जा सके। खासतौर पर रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों की सहूलियत के लिहाज से अधिक से अधिक बसों का परिचालन किया जाएगा। डीटीसी अधिकारियों ने बताया कि सेवा संबंधी किसी भी जानकारी के लिए डीटीसी के कॉल सेंटर पर संपर्क किया जा सकता है।