पैगंबर मोहम्मद को लेकर विवादास्पद टिप्पणी करने वाले भाजपा से बर्खास्त नेताओं की परेशानी दूर नहीं हो रही है। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी सोशल मीडिया पर मिल रही हैं। इसे लेकर प्रदेश भाजपा के पूर्व मीडिया प्रमुख नवीन जिंदल ने सोशल मीडिया पर घर का पता नहीं साझा करने का निवेदन किया है।
विज्ञापन
जिंदल ने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों की किसी भी प्रकार की जानकारी किसी से साझा नहीं की जाए। लगातार निवेदन के बाद भी कई लोग उनके घर का पता सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। इस्लामिक कट्टरपंथियों से पूरे परिवार को खतरा है। परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
जिंदल ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जब वह किसी से मिलने गए तो उनका अज्ञात लोगों ने पीछा किया, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई है। अज्ञात लोग उनके घर की कथित रेकी भी कर रहे हैं। जिंदल ने एक ट्वीट में कहा...‘मेरे और मेरे परिवार के सदस्यों की हत्या करने की धमकियां मिली हैं।’ हालांकि, उन्होंने बातचीत में कहा कि फिलहाल दिल्ली छोड़कर कहीं नहीं जा रहा हूं। अपने परिवार को मिल रही धमकी की वजह से जरूर अन्य स्थान पर भेजा गया है।