नई दिल्ली। द्वारका जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने अन्ना गैंग के एक लाख के इनामी बदमाश को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। बदमाश पर हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, लूट और चोरी के 14 से अधिक मामले दर्ज हैं। बदमाशों के पास से पुलिस ने दो पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान खेड़ा डाबर निवासी लगन शर्मा (35) और गोपाल नगर निवासी आनंद (40) के रूप में हुई है। पुलिस को लगन शर्मा के छावला के ईस्ट कृष्णा नगर मेें आने की जानकारी मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर बदमाशों को दबोच लिया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि लगन शर्मा 12वीं तक पढ़ा है। नशे की लत में वह विकास और परमजीत के साथ झपटमारी और लूटपाट करने लगा। बाद में उसकी इलाके के शक्ति शारदा गैंग से दुश्मनी हो गई। उस गैंग ने उसके भाई रविंद्र की हत्या कर दी। बाद में लगन शर्मा ने भाई की मौत का बदला लेने के लिए शक्ति के भाई सज्जन की हत्या कर दी।
पुलिस ने वारदात में शामिल उसके सभी साथी को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन लगन शर्मा फरार हो गया। पुलिस ने लगन पर एक लाख का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक लगन पालम में एक कारोबारी की हत्या और खेड़ा गांव में बैंक लूट में शामिल रहा है। लगन शर्मा ने 2018 में बैंक के दो कर्मचारियों की हत्या कर वारदात को अंजाम दिया था।