अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के मान्यता प्राप्त तकनीकी कॉलेजों में बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर में दाखिले के लिए अब 12वीं कक्षा में भौतिकी, रसायनशास्त्र और गणित (पीसीएम) विषय की पढ़ाई फिर से अनिवार्य कर दी गई है।
एआईसीटीई ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए जो अनुमोदन प्रक्रिया जारी की है, उसके दूसरे दिन ही आर्किटेक्चर दाखिला नियम प्रक्रिया के फैसले पर यू-टर्न ले लिया है। दरअसल, दो साल से एआईसीटीई के मान्यता प्राप्त कॉलेजों में आर्किटेक्चर प्रोग्राम की पढ़ाई को लेकर पाठ्यक्रम से लेकर परीक्षा व दाखिला नियम प्रक्रिया का फैसला काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर करती है। इसीलिए एआईसीटीई ने आर्किटेक्चर दाखिला नियमों की प्रक्रिया से खुद को बाहर करने का फैसला लिया है। वहीं, काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर ने साफ कहा है कि पीसीएम की पढ़ाई के बगैर किसी को दाखिला नहीं मिलेगा।
एआईसीटीई ने इस संबंध में सभी राज्यों और उच्च शिक्षण संस्थानों को इस संबंध में पत्र भी लिखा है। इसमें लिखा है कि तकनीकी कॉलेजों में बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर प्रोग्राम की दाखिले के लिए 12वीं में अनिवार्य विषयों में पीसीएम होना जरूरी है या नहीं, यह काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर तय करेगी। अभी तक तकनीकी कॉलेजों में भी पीसीएम की पढ़ाई 12वीं कक्षा में की होनी जरूरी है।
इससे पहले एआईसीटीई ने पीसीएम की अनिवार्य विषय से बाहर रखते हुए फिजिक्स, कैमिस्ट्री, मैथ्स, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी, बायोलॉजी, इंफोर्मेटिक्स प्रैक्टिस, बायोटेक्नोलॉजी, टेक्निकल वोकेशनल सब्जेक्ट, एग्रीकल्चर, इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, बिजनेस स्टडीज व आंत्रप्रियोनॉरशिप विषयों में से कोई तीन विषय की पढ़ाई होने पर आर्किटेक्चर प्रोग्राम में दाखिले का नियम तय किया था।
पीसीएम के बगैर नहीं मिलेगा दाखिला
यदि किसी छात्र को बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर प्रोग्राम में दाखिला लेना है तो उसे 12वीं कक्षा में पीसीएम अनिवार्य विषय के रूप में पढ़ाई की होनी चाहिए। दो साल से काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर दाखिला नियम तय करती आयी है। आर्किटेक्चर प्रोग्राम में दाखिले के लिए पीसीएम अनिवार्य विषय सभी कॉलेजों के लिए लागू रहेगा।
-हबीब खान, अध्यक्ष,काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर।