आरटी-पीसीआर रिपोर्ट के बिना उड़ान भरने से मना करने पर एक यात्री ने आईजीआई एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। एयरलाइंस कंपनी ने यात्री के पास रिपोर्ट नहीं होने पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने की इजाजत नहीं दी। उसके बावजूद यात्री मुंबई जाने की जिद पर अड़ गया और टर्मिनल तीन पर जमकर हंगामा करने लगा।
बड़ी मशक्कत के बाद सीआईएसएफ कर्मियों ने यात्री को पकड़कर आईजीआई थाना पुलिस के हवाले किया। एयरलाइंस कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने यात्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जमानती धारा होने की वजह से उसे रिहा कर दिया गया है।
एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी यात्री की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला स्थित सनबर्षा गांव निवासी सूरज पांडेय (36) के रूप में हुई है। 21 जून को टर्मिनल तीन पर झगड़े की शिकायत मिलने पर पुलिस वहां पहुंची।
वहां पर विस्तारा एयरलाइंस के ड्यूटी मैनेजर दीपक ढांढा ने पुलिस को एक यात्री के हंगामा करने की शिकायत की। उसने बताया कि सूरज पांडेय के पास मुंबई जाने के लिए आरटी-पीसीआर रिपोर्ट नहीं है। यात्रा करने के लिए रिपोर्ट का होना जरूरी है। जिसकी वजह से उसे विमान पर चढ़ने की इजाजत नहीं दी गई।