राजधानी में कोरोना के सभी मानक नियंत्रण में है। संक्रमण का प्रसार भी थम गया है। अब दिल्ली में 98 फीसदी से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। संक्रमितों के मुकाबले तीन गुना लोग स्वस्थ हो रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जितना तेजी से वायरस का प्रसार हुआ था उतना ही तेजी से कम भी हो गया है। हालांकि, अब जिस हिसाब से लोग लापरवाही बरत रहे हैं। यह एक चिंता का विषय है।
दिल्ली में अप्रैल के पहले सप्ताह से संक्रमित तेजी से बढ़ने लगे थे। दूसरे सप्ताह आते- आते रोजाना औसतन 16 हजार मरीज मिल रहे थे, और इसके मुकाबले केवल 11 हजार लोग स्वस्थ हो रहे थे। तीसरे सप्ताह में रोजाना आ रहे मरीजों का आंकड़ा 26 हजार के पार पहुंच गया।
वहीं, स्वस्थ होने वाले 18 हजार ही रहे। इससे 23 अप्रैल तक रिकवरी दर गिरकर 86 फीसदी पहुंच गई थी, लेकिन जून से हालात बदल गए। लगातार स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में 1,111 संक्रमण के मामले आए हैं और 2,355 स्वस्थ हुए। इस हिसाब से देखें तो संक्रमितों के मुकाबले दोगुने से ज्यादा मरीज स्वस्थ हुए हैं। इस समय दिल्ली में कुल मरीजों की संख्या 14,32,381 है। इनमें से 14,05,460 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इस लिहाज से देखें तो रिकवरी दर 98.57 फीसदी हो गई है, जो राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है।