दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी की पहली नजर बतौर उम्मीदवार अपने विधायकों को मैदान में उतारने की है। हालांकि, फैसला लेने से पहले आप ने विधायकों के कामकाज पर सर्वे कराया है। इसके आधार पर करीब 50 फीसदी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं।
इसमें उन सीटों के नाम हैं, जहां के विधायक अपने कामकाज की बदौलत इलाके में पकड़ बनाए हुए हैं। वहीं, करीब 15 सीटों के लिए पार्टी नए नामों पर भी विचार कर रही है। दिलचस्प यह कि लोकसभा चुनाव में आप के उम्मीदवार रहे वरिष्ठ नेता आतिशी, दिलीप पांडेय व राघव चड्ढा विधानसभा में भी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
प्रदेश संयोजक गोपाल राय का मानना है कि उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र का सर्वे कराया है। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मोहर लगाएगी। उम्मीद है कि 14 जनवरी तक पार्टी अपनी लिस्ट जारी कर देगी।
Subhash Chopra Delhi Congress
- फोटो : Social Media
प्रत्याशियों के चयन में कांग्रेस भी पीछे नहीं है। चुनाव का आगाज होने के साथ ही न केवल प्रदेश नेतृत्व, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व भी हर विधानसभा क्षेत्र के दावेदारों पर गुणा-भाग कर रहा है। शनिवार को केंद्रीय नेतृत्व ने भी प्रत्याशियों के चयन को लेकर बैठक की। बैठक में करीब 20 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की सूची फाइनल कर ली गई है।
अन्य 50 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के लिए 3-3 दावेदारों पर चर्चा हुई। इस पर अंतिम फैसला नहीं होने की स्थिति में एक बार फिर केंद्रीय नेतृत्व बैठक कर प्रत्याशियों की सूची जारी करेगा। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा का कहना है कि कांग्रेस सबसे पहले अपनी लिस्ट जारी करेगी। संभव है कि पहली लिस्ट में 25 फीसदी उम्मीदवारों के नाम शामिल हों।