उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने वर्ष 2022-23 का अनुमानित बजट पास कर जनता को राहत पहुंचाने की कोशिश की है। निगम ने लगातार पांचवें साल संपत्ति कर में बढ़ोतरी नहीं की है।
सफाई के साथ अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्वास्थ्य, शिक्षा और पार्किंग जैसी दूसरी सुविधाओं को भी सशक्त बनाने की योजना बनाई है। सर्वाधिक खराब आर्थिक स्थिति से गुजर रहे उत्तरी निगम ने अनधिकृत कॉलोनियों में अब निगम फंड से विकास कार्य कराने का निर्णय लिया है। आउटर दिल्ली के हैदरपुर में आयुष महाविद्यालय खोलने की योजना बनाई है।
अपने कर्मचारियों के लिए निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में एक बड़ी डिस्पेंसरी बनाने की योजना बनाई है, जिसमें एलोपैथिक, होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक तीनों चिकित्सा सुविधाएं होंगी। उत्तरी निगम के करीब 55 हजार कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2022-23 में निगम 7504 करोड़ खर्च करेगा। निगम की आय 749795.43 लाख रुपये होगी।
उत्तरी निगम आयुक्त ने पहले वर्ष 2022-23 के लिए 580824.30 लाख रुपये के संशोधित बजट प्रस्ताव रखा था, जिसमें स्थायी समिति ने 169667.67 लाख की बढ़ोत्तरी की है। स्थायी समिति ने इस साल करीब 97.30 लाख रुपये अंतिम शेष रहने का अनुमान लगाया है। सदन के नेता छैल बिहारी गोस्वामी ने शुक्रवार को करीब ढाई घंटे बजट भाषण दिया। इसमें उन्होंने वर्ष 2021-22 के बजट की उपलब्धियों और वर्ष 2022-23 के प्रस्तावित बजट की संभावनाओं पर गंभीरता से चर्चा की। उन्होंने निगम की कामयाबियों और दिल्ली सरकार से निगमों को मिलने वाले फंड पर चर्चा की।
फार्म हाउसों का पंजीकरण
निगम इस साल अपनी आय को बढ़ाने के लिए अपने परिधि क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक फार्म हाउस का पंजीकरण करेगा। इसकेे अलावा इसके अपने अधिकार क्षेत्र में जितने भी गोदाम आते हैं, उनका भी नियमितीकरण करेगा।
मिलती रहेगी आम माफी योजना की सौगात : उत्तरी निगम लाल डोरा, विस्तारित लाल डोरा, गांव की विस्तारित आबादी और 544 नियमित व अनधिकृत कॉलोनियों और कश्मीरी प्रवासियों को आवंटित संपत्तियों पर राहत देने के लिए लागू नई माफी योजना को 31 मार्च तक लागू रखने का निर्णय लिया है। संपत्ति कर के लिए लागू आम माफी योजना भी 15 फरवरी तक लागू रहेगी, इसे आगे भी बढ़ाए जाने की संभावना है।
विपक्षी दल के नेता असंतुष्ट
उत्तरी निगम के बजट से विपक्षी दल के नेता विकास गोयल खासा असंतुष्ट दिखे। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने और स्कूलों को खोलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
निगम फंड से अनधिकृत कॉलोनियों मे विकास
उत्तरी निगम क्षेत्र में कई वार्ड ऐसे हैं, जहां अनधिकृत कॉलोनियों की संख्या अधिक है। निगम द्वारा वहां कोई विकास कार्य कराने का अभी तक प्रावधान नहीं था, जिसे देखते हुए निगम ने अनधिकृत कॉलोनियों में निगम फंड के माध्यम से विकास कार्य कराने की योजना बनाई है।
प्रत्येक किलोमीटर पर ई-चार्जिंग स्टेशन
निगम इलेक्ट्रिक वाहनों को ई-चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध कराने के लिए 140 से अधिक स्थानों की पहचान की है। अगले छह महीने के भीतर 70 से अधिक स्थानों पर ई-चार्जिंग स्टेशन बनाने का लक्ष्य रखा है। निगम प्रत्येक 1-2 किलोमीटर पर एक चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना बनाई है। साथ ही किराए पर ई-बाइक्स व ई-साइकिल सेवा संचालित करने की नीति शुरू करने की योजना बनाई है।
सफाई कर्मियों का नियमितीकरण
छैल बिहारी गोस्वामी ने बताया कि उत्तरी निगम इस साल अपने 6646 सफाई कर्मचारियों को पक्का करेगा। वर्ष 2017 से अब तक 975 सफाई कर्मचारियों को नियमितीकरण कर नियुक्ति पत्र दिया चुका है।
इस साल 13500 कारों की पार्किंग
उत्तरी निगम की करीब 17 मल्टी स्टोरी कार पार्किंग निर्माणाधीन हैं, जिसमें से कई तैयार हैं। यहां 13500 कारों के बराबर पार्किंग होगी। इसमें से 3200 कारों के लिए ईदगाह रोड पर मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाने की योजना है।
छात्र-छात्राओं के लिए मैथ किट
बच्चों को केवल ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। इसकी वजह से बच्चों को कोई टेक्निकल ट्रेनिंग नहीं मिल पा रही है। बच्चों को गणित जैसे विषयों की गहन तैयारी कराने के लिए उन्हें मैथमेटिकल किट उपलब्ध कराने की योजना है।