बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में अब खुद ही उसका नाम जोड़ सकते हैं। दिल्ली नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जिसके तहत चार वर्ष के भीतर बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र में उनका नाम जोड़ने के लिए माता पिता या अभिभावक एमसीडी की वेबसाइट पर जाकर नाम चढ़ाने का अनुमोदन कर सकते हैं। ऐसा करने के कुछ ही दिनों के बाद बच्चे का नाम सहित जन्म प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसपर किसी अधिकारी के दस्तकत या मोहर की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
माता-पिता या अभिभावक निर्धारित अवधि के भीतर रजिस्ट्रार को बच्चे के नाम के बारे में मौखिक या लिखित रूप से जानकारी देंगे। इस नई व्यवस्था के अनुसार अब जन्म प्रमाण पत्र में बच्चे का नाम जोड़ने के लिए अलग से किसी प्रकिया से गुजरना नहीं पड़ेगा। इसके लिए बच्चे के माता पिता या अभिभावक को चार वर्ष के भीतर दिल्ली नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करके अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर की सहायता से स्वयं के आईडी प्रूफ अपलोड करेंगे और बच्चे का नाम लिखेंगे।
फिर उन्हें संबंधित रजिस्ट्रार द्वारा बच्चे का नाम जोड़ने के अनुरोध को ऑटो अनुमोदन प्राप्त होगा और निर्धारित अवधि में जन्म प्रमाण पत्र में बच्चे का नाम चढ़ जाएगा, जिसे बच्चे के माता पिता व अभिभावक ऑनलाइन माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। इस सुविधा से अब लोगों को अनावश्यक विलम्ब नहीं होगा और निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।