दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने लाजपत नगर की अमर कॉलोनी में पार्किंग व यातायात की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से एक मल्टीलेवल पजल पार्किंग निर्माण को मंजूरी दे दी है। दक्षिणी निगम की स्थायी समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है। निगम के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह प्रस्ताव जल्द ही सदन में पास हो जाएगा। यहां 81 कारों को पार्क करने की सुविधा होगी।
कम जगह में ज्यादा वाहन पार्क होंगे
पजल पार्किंग लोहे से बनी एक स्वचालित प्रणाली है। जो कारों को पार्क करने के लिए पार्किंग के स्थान के क्षैतिज व ऊर्ध्वाधर हिस्से को पजल की तरह एक से दूसरी तरफ घूमने की सुविधा प्रदान करती है। खासकर मल्टीलेवल पजल पार्किंग सिस्टम ऐसे स्थान पर बनाया जाता है, जहां पर जगह कम हो।
आवासीय और बाजार क्षेत्र को फायदा
लाजपत नगर के अमर कॉलोनी क्षेत्र में दक्षिणी निगम के सामुदायिक केंद्र में उपलब्ध खुली जगह में यह स्वचालित पजल पार्किंग विकसित की जाएगी। लाजपत नगर की अमर कॉलोनी में पार्किंग की स्थिति बदतर है। यहां आवासीय और बाजार क्षेत्र दोनों को फायदा पहुंचेगा।
14.88 करोड़ रुपये लागत की संभावना
दक्षिणी निगम के अधिकारियों ने बताया कि अब स्थायी समिति के प्रस्ताव की समीक्षा की जाएगी और फिर निविदा प्रक्रिया शुरू होगी।प्रस्ताव के मुताबिक इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 14.88 करोड़ रुपये होने की संभावना है। इसमें 10 साल तक पजल पार्किंग के संचालन और रखरखाव की लागत भी शामिल होगी।