मालवीय नगर के चिराग दिल्ली गांव में माइक्रोवेव ओवन में दो महीने की बच्ची अनन्या का शव मिलने के मामले में एक और नया खुलासा सामने आया है। आरोपी मां डिंपल कौशिक बेटी अनन्या को डायन समझती थी। उसे डर लगता था कि अनन्या उसके चार वर्ष के बेटे को मार देगी। आरोपी डिंपल का पिता हरिओम बुलंदशहर में तांत्रिक है।
पुलिस जल्द ही उसके पिता से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है कि क्या डिंपल बेटी को लेकर उससे कोई बात करती थी। उधर, पुलिस ने बुधवार देर शाम आरोपी डिंपल को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दक्षिणी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डिंपल ने बेटी अनन्या की हत्या दूसरी मंजिल पर की। वह दूसरी मंजिल पर वाशिंग मशीन में कपड़े धो रही थी, तभी उसने पहले बेटी का मुंह दबाकर हत्या कर दी और फिर शव चलती वाशिंग मशीन में डाल दिया था।
शव को कुछ देर मशीन में घुमाकर बाहर निकाल लिया था। इसके बाद उसने शव पहली मंजिल पर स्थित बेडरूम में ले जाकर लिटा दिया था। परिजनों ने जब बेटी के बारे में पूछा तो डिंपल यही कहती रही कि उसकी तबीयत खराब है, जुकाम हो गया है, वह सो रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डिंपल शुरू से बयान बदल रही है। कई घंटों की लगातार पूछताछ करने के बाद उसने बताया कि वह बेटी पैदा होने से परेशान थी। साथ ही उसे लगता था कि उसकी बेटी डायन पैदा हुई है और वह राक्षस प्रवृति की है।