लंदन की संस्था ट्रांसपोर्ट स्ट्रेटजी सेंटर (टीसीएस)की ओर से ग्राहक संतुष्टि सर्वेेक्षण कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार से की जाएगी। एक मई तक चलने वाले सर्वेक्षण का उद्देश्य मेट्रो परिचालन और सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में यात्रियों से सुझाव और अनुभवों को हासिल करना है। इसका इस्तेमाल सेवाओं में गुणात्मक सुधार के लिए किया जाएगा। ताकि यात्रियों को मेट्रो में सफर में और सुखद यात्रा का अहसास हो सके।
मेट्रो से यात्रा करने वाले डीएमआरसी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.डीईएलएचआईमेट्रोरेल.कॉम पर दिए गए लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन सर्वेक्षण में शामिल हो सकते हैं। सर्वेक्षण फॉर्म अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा। इसमें मेट्रो की उपलब्धता, पहुंच, सहूलियत, विश्वसनीयता, ग्राहक सेवा, सुख सुविधाएं, भीड़भाड़, सुरक्षा और संतुष्टि के बारे में यात्री अपने अनुभव साझा कर सकेंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रमुख कार्यकारी निदेशक(कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल के मुताबिक इस सर्वेक्षण से कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे भविष्य में और बेहतर व गुणात्मक सेवाएं यात्रियों को मुहैया की जा सकेंगी।
उनके सुझाव और अनुभवों के आधार पर जरूरी बदलाव भी किए जाएंगे, ताकि सफर के दौरान मेट्रो में विश्व स्तरीय परिवहन सुविधा का अहसास हो सके।