दिल्ली सरकार के सभी बीस डॉ बी.आर आंबेडर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस(एसओएसई) में पहली बार मेगा पीटीएम आयोजित की गई। उन्हीं में से रोहिणी स्थित एसओएसई में उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी पहुंचे।
वहां उन्होंने बच्चों की पढ़ाई को लेकर शिक्षकों, अभिभावकों तथा बच्चों से बातचीत भी की। पीटीएम में बोर्ड के पहले वर्ष में तैयार अनोखा रिपोर्ट कार्ड दिया गया जिसमें अंक दिखने के बजाए बताया गया कि बच्चों ने साल भर क्या सीखा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में सुविधाएं दी हैं। यह बदलाव का हिस्सा है लेकिन सबसे बड़ा बदलाव यह है कि हम अब रटने की आदत से हटकर सीखने की आदत को अपना रहे है। हमारी शिक्षा प्रणाली की सबसे बड़ी कमी रटने की आदत है और हम उसे समझने और सीखने की आदत में बदना है। ऐसा करके बच्चों को रटने से आजादी दे रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने बाबा साहेब के सपनों को पूरा करते हुए हर तबके के बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा दी जा रही है। अब वो दिन दूर नहीं जब एसओएसई से सीखकर देश के सारे स्कूल बदलेंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेगा पीटीएम में अभिभावकों को अपने बच्चे की प्रगति जानने व फीडबैक देने के लिए शिक्षकों के साथ सीधे संवाद का मौका मिला है।
इस दौरान प्रर्दशनी भी लगाई गई, जिसमें बच्चों के काम,प्रोजेक्ट्स, रोबोटिक्स मॉडल तथा प्रतिभा को सराहा गया। यह स्कूल दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन से संबद्ध हैं। इस दौरान अभिभावकों ने स्कूलों के अपने-अपने अनुभवों को भी बताया।
बच्चों को देंगे विश्वस्तरीय शिक्षा : आतिशी
दिल्ली के बीस डॉ बीआर आंबेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस (एसओएसई) में बृहस्पतिवार को मेगा पीटीएम आयोजित की गई। इनमें से कालकाजी स्थित स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस की मेगा पीटीएम में कालकाजी से विधायक एवं दिल्ली विधानसभा एजुकेशन स्टैडिंग कमेटी की चेयरपर्सन आतिशी बच्चों व अभिभावकों से मिलने पहुंचीं।
इस दौरान उन्होंने बच्चों के माता-पिता से उनकी शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए। आतिशी ने कहा कि हम बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आतिशी ने कालकाजी के एसओएसई को एक वर्ष पूरा होने की सफलता पर बधाई दी।