लगातार कड़े होते सूरज के तेवर के कारण इन दिनों दिल्ली गर्मी की ओर बढ़ रही है। इस कड़ी में फरवरी का महीना पिछले वर्षों की तुलना में औसत से अधिक गर्म दर्ज किया जा रहा है। मंगलावर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया। इस वजह से दिन के समय लोगों को पसीने छूट गए और गर्मी का अधिक एहसास हुआ। अगले 24 घंटों में भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस को पार करेगा और गर्मी बढ़ेगी।
दरअसल, पिछले दो सप्ताह से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। गत 10 फरवरी को भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसके बाद कुछ राहत मिली थी, लेकिन अब फिर सूरज के कड़े तेवर हो रहे हैं। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली में सामान्य तौर पर फरवरी का पहला सप्ताह 23 डिग्री सेल्सियस के औसत तापमान के साथ शुरू होकर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, ऐसे में पूरे माह का औसत तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहता है।
सूरज की तेज तपिश के बीच यदि पिछले तीन सप्ताह की बात करें तो इस बार औसत अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर चुका है। अभी इस माह में करीब सप्ताह भर है। आने वाले दिनों में औसत तापमान 27 डिग्री सेल्सिय को भी पार कर सकता है।
पिछले कुछ वर्षों की बात करें तो वर्ष 2016 में फरवरी माह का औसत तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। इसके बाद वर्ष 2017 में यह 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं, वर्ष 2017 में 21 फरवरी को सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस वर्ष और पिछले कई वर्षों की तुलना में वर्ष 2020 का फरवरी माह ठंडा दर्ज किया गया है।
प्रादेशिक मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से सात अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसदी व न्यूनतम 36 फीसदी रहा।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 33 पहुंचा पारा, सबसे गर्म रहा इलाका
दिल्ली के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाके में पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान के साथ मौसम विभाग के विभिन्न मानक केंद्रों पर यह इलाका सबसे गर्म दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सबसे अधिक 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पीतमपुरा इलाका 32.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।