कल्याणपुरी इलाके में पड़ोसी के कुत्ते को मारना एक किशोर को भारी पड़ गया। पड़ोसियों ने इस बात को लेकर उसकी पिटाई कर दी। जब किशोर के पिता और मामा ने उसका बचाव किया तो आरोपियों ने उसपर भी हमला कर तीनों को अधमरा कर दिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
त्रिलोकपुरी के ब्लॉक नंबर 15 में रहने वाला 60 वर्षीय शौकत आयुर्वेदिक दवाई बेचता है। मंगलवार सुबह वह अपने 13 साल के बेटे सामरा के साथ अपने घर के पास स्थित पार्क में टहलने गया था। पड़ोसी का कुत्ता भी पार्क में मौजूद था और उसने एक बच्चे को काटने के लिए उसकी ओर दौड़ा। सामरा ने प्लास्टिक का बैट लेकर कुत्ते को मार भगाया। इस बात को लेकर पडोसी इरफान, इमरान और गुलफाम आग बबूला हो गए और पिता-पुत्र से झगड़ा करने लगे। लेकिन लोगों से मामले को शांत करवा दिया।
थोड़ी देर बाद तीनों आरोपी शौकत के घर पर पहुंचे और सामरा पर डंडे से हमला करने लगे। बीच बचाव में आए शौकत और उसके साले फरियाद पर भी हमलाकर उन्हें घायल कर दिया। चोट लगने से शौकत बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तीनों पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया और उनके बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।