दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अवैध हथियार सप्लाई करने व बनाने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में 10 आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। मास्टरमाइंड भरतपुर, राजस्थान निवासी राहुल चार वर्षों से फरार था और कोर्ट ने उसे तीन मामलों में भगोड़ा घोषित किया हुआ था। आरोपी के पिता मम्माद्दीन व चाचा सम्मान भी अवैध हथियार बनाने व सप्लाई करने के गोरखधंधे में हैं। ये पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
अपराध शाखा डीसीपी अमित गोयल के अनुसार मार्च, 2019 में समसू उर्फ समसूद्दीन बदमाशों को हथियार सप्लाई करने के आरोप में द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से 10 पिस्टल व 10 कारतूस बरामद किए गए थे। उस समय दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा में मामला दर्ज किया गया था। उसने बताया कि वह अवैध हथियार सोमका, पहाड़ी, भरतपुर, राजस्थान निवासी राहुलखान, मम्मान उर्फ मम्मानद्दीन , सम्मान उर्फ सम्मानद्दीन, इबरान उर्फ काला, इरफान व मोबिन से लेता है।
कोर्ट ने इन सभी को 16 दिसंबर, 2019 को भगोड़ा घोषित कर दिया था। जांच में पता लगा कि राहुल मुख्य आर्म्स निर्माता व सप्लायर है। पुलिस ने दस आरोपी मथुरा यूपी निवासी सम्सू उर्फ सम्सूद्दीन (41), भरतपुर, राजस्थान निवासी काला उर्फ इबरान, मम्मान उर्फ मम्मानद्दीन (52), दिल्ली निवासी सन्नी उर्फ प्रेम, मोनू उर्फ आकाश, नूह, हरियाणा निवासी नौमान, भरतपुर, राजस्थान निवासी नजर हुसैन, तालिम खान, जुबेर खान और मो. ताहिर उर्फ मो. फैजल को गिरफ्तार कर लिया था।
राहुल को पकड़ने के लिए रैकी के लिए एएसआई मुकेश व हवलदार मिंटू की टीम मेवात भेजी गई। इन दोनों पुलिसकर्मियों ने करीब एक महीने रैकी की तो राहुल व सम्मान के बारे में पता लगा। आरोपियों को पकडने के लिए इंस्पेक्टर अनिल कुमार शर्मा की देखरेख में एसआई अजय कुमार व एएसआई संदीप की टीम गठित की गई। ये टीम दो जून को कामा, भरतपुर राजस्थान पहुंची और एसआई अजय कुमार की टीम ने मुसेपुर गांव में सफल ऑपरेशन चलाकर भरतपुर, राजस्थान निवासी राहुल (24) को गिरफ्तार कर लिया गया।
राजस्थान में अवैध हथियार बनाता था
राहुल अपने पिता, चाचा सम्मान और अन्य रिश्तेदारों इबरान, इरफतान व मोबाइल आदि के साथ भरतपुर, राजस्थान में अवैध हथियार बनाता था। उसके पिता पानी के नल बनाने के बहाने स्थानीय हार्डवेयर मार्केट से कच्चा माल मंगवाते थे। इससे अवैध कट्टे बनाते है। इनको समसुद्दीन और इरफान कम दर पर खरीदते थे। ये दिल्ली और यूपी के बाजार में भी ज्यादा दामों पर इसकी आपूर्ति करते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद हथियार बनाने वाले अन्य लोग डर के मारे वहां से भाग गए। राहुल के पास से दो देशी कट्टा, हथौडा व अन्य सामान बरामद किया गया है।