आग से चौथी मंजिल और छत पर रखा सारा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। हादसे के समय ही आग का वीडियो ट्विटर पर पोस्ट करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दमकल विभाग और जिला प्रशासन को और आग न बढ़ने और उस पर जल्द काबू पाने का आदेश दिया।
उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में सोमवार सुबह एक मकान की चौथी मंजिल पर आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मदद को भागे। हादसे के समय बिल्डिंग में मौजूद लोग तुरंत खुद ही बाहर आ गए। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की तीन गाड़ियां वहां पहुंचीं। करीब एक घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
विज्ञापन
आग से चौथी मंजिल और छत पर रखा सारा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। हादसे के समय ही आग का वीडियो ट्विटर पर पोस्ट करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दमकल विभाग और जिला प्रशासन को और आग न बढ़ने और उस पर जल्द काबू पाने का आदेश दिया। इसके अलावा परिवार की हर संभव मदद करने के लिए कहा। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10.35 बजे दमकल विभाग और पुलिस को सूचना मिली कि पंजाबी बस्ती, घंटा घर स्थित एक मकान की चौथी मंजिल पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं। आग मकान नंबर-3163 में लगी थी। यहां कारोबारी अशोक कुमार मेहंदीरत्ता का परिवार चार मंजिला मकान में रहता है। चौथी मंजिल पर इनका बेटा गोविंद रहता है। सोमवार सुबह गोविंद ऑफिस चला गया। इस बीच चौथी मंजिल पर आग लग गई।
विज्ञापन
चौथी मंजिल पर लकड़े के सामान के अलावा बाकी घरेलू सामान होने के कारण आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। इस दौरान लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दमकल कर्मियों ने किसी तरह 11.35 बजे आग पर काबू पाया। दोपहर बाद तक मौके पर कूलिंग का काम जारी था। दमकल विभाग का कहना है कि आग लगने के बाद उसे नीचे की मंजिलों पर नहीं बढ़ने दिया गया। सब्जी मंडी थाना पुलिस आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।