राजधानी दिल्ली में एक सनकी दंपती द्वारा पुलिसकर्मी को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। दरअसल, गृहमंत्री के रूट में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी ने कार सवार दंपती को उस रास्ते पर जाने से रोका तो गुस्से में आकर उन्होंने पुलिसकर्मी को पीट दिया। इसपर भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो एक बार पीटने के बाद दंपती ने पुलिसकर्मी का पीछा किया और उसे दोबारा पीटा।
पीड़ित पुलिसकर्मी ने सुब्रातो पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया गया कि पीड़ित हेड कांस्टेबल शिव नारायण सुब्रतो पार्क पुलिस चौकी में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी गृहमंत्री अमित शाह के वीवीआईपी रूट में लगी हुई थी। बारिश के चलते रूट के रास्ते में पानी भरा हुआ था। ऐसे में वहां कई मोटरसाईकिल फंस गई थी।
लोगों की मदद से बाइक हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार होकर आरोपी दंपती वहां पहुंच गए। हेड कांस्टेबल ने उन्हें वीवीआईपी रूट के बारे में बताते हुए वहां से कार हटाने के लिए कहा। इसपर दोनों पति-पत्नी हेड कांस्टेबल से झगड़ा करने लगे।
अचानक दोनों लोग कार से उतरकर उन्हें पीटने लगे, तो पीड़ित कांस्टेबल एक ऑटो में बैठकर भागने लगे। इसपर भी आरोपी दंपती नहीं माने और कुछ दूर तक पीछा करने के बाद ऑटो को रोककर उन्हें उतारा और जमकर पीटते-पीटते वर्दी फाड़ दी। यह सब देखकर वहां जमा हुई भीड़ ने किसी तरह पुलिसकर्मी को बचाया
वहां से निकलकर पीड़ित सीधे पुलिस चौकी पहुंचे और अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दी। चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़ लिया। केस दर्ज कर आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।