मॉल व शो रूम में भी सन्नाटा
दिल्ली के सदर बाजार, गांधी बाजार, चांदनी चौक के खुदरा व होलसेल बाजार में तो सन्नाटा है ही साथ ही करोल बाग, ग्रेटर कैलाश, कमला नगर, सरोजनी नगर समेत अन्य मार्केट स्थित बड़े-बड़े शो रूम भी खाली है। यही स्थिति सुभाष प्लेस, रोहणि, कमला नगर के मॉल की भी है। बिजनेस एक्सपर्ट शशांक कुमार की मानें तो जब तक सार्वजनिक वाहन पूरी क्षमता के साथ नहीं चलेंगे
तबतक ग्राहक बाजार से दूर रहेंगे। इन दिनों संक्रमण की वजह से लूग मेट्रो से भी दूरी बनाए हुए हैं। यही नहीं बाजार तब गुलजार होता है, जब बच्चे घरों में जिद करते हैं बाहर घूमने के लिए। लेकिन तीसरी लहर की आशंका की वजह से बड़े-बड़े शो रूम में लोग नहीं पहुंच रहे हैं। यूनिटी मॉल के आशीष श्रीवास्तव भी कहते हैं कि आमूमन लोग खरीदारी पूरे परिवार के साथ करने पहुंचते हैं। लिहाजा जब तक कोविड की तीसरी लहर की आशंका जब तक दूर नहीं हो जाती, तब तक पूरी तरह से मार्केट में रौनक मुश्किल ही लग रहा है। हालांकि वह यह भी कहते हैं कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की वजह से जो भी ग्राहक मॉल पहुंच रहे हैं, उन्हें इस बात का आश्वासन जरूर है कि संक्रमण का खतरा नहीं है।
कोरोना जांच का कैंप लगा
दी बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की तरफ से कूचा महाजनी के बाहर कोरोना जांच के लिए कैंप लगाया गया। एसोसिएशन के प्रधान योगेश सिंघल ने बताया कि व्यापारियों के साथ ही मजदूरों का भी जांच इस केंद्र पर कराई जा रही है, ताकि उन्हें उचित इलाज मिल सके। करोल बाग ज्वेलर्स एसोसिएशन के महासचिव राकेश सर्राफ ने बताया कि बाजारों में वैक्सीनेशन ड्राइव चलाने की आवश्यकता है। व्यापारियों के साथ काम करने वाले मजदूरों का भी जल्द से जल्द वैक्सीनेशन किया जाना चाहिए। व्यापारी ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
बिजली के फिक्स चार्ज माफ करने की मांग की
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर कोविड की वजह से व्यापार में आई अस्थिरता से अवगत कराया है। बताया है कि साधारण व्यापारियों, फैक्ट्री मालिकों, सिनेमा, रेस्टोरेंट एवं होटल मालिकों को नुकसान हुआ है, लिहाजा उन्हें राहत दी जाए।
मुख्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लिखे पत्र में कपूर ने सभी कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन पर अप्रैल से जून तक फिक्स्ड चार्ज माफ करने के साथ सभी सिनेमा, होटल एवं रेस्टोरेंट के भी बिजली बिल फिक्स्ड चार्ज माफ करने की मांग की है। भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता से पत्र के माध्यम से कहा है कि वह नगर निगमों को निर्देश दें की इस वर्ष के ट्रेड एवं लाइसेंस शुल्क माफ करें और सभी व्यापारिक संपत्तियों से वर्ष 2021-22 का संपत्ति कर व्यापारिक की जगह रिहाइशी दरों पर लेकर उन्हें राहत दें।