बंगलूरू से दिल्ली आ रही एयर एशिया फ्लाइट में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब हवा में मौजूद फ्लाइट में युवक ने कपड़े उतार दिए। फ्लाइट से उतरते ही युवक ने एयरपोर्ट और फिर आईजीआई थाने में अपने कपड़े उतार दिए। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जमानती धारा होने के कारण युवक को थाने से ही रिहा कर दिया गया। कश्मीर से युवक के परिजनों को बुलाया गया तो पता लगा कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी युवक एसके पोरा, मगन बडगांव कश्मीर का रहने वाला है।
आईजीआई डीसीपी राजीव रंजन के अनुसार एयर एशिया के ग्राउंड स्टाफ गजेंद्र सिंह कश्मीर के रहने वाले युवक सोहेल फारूक(26, बदला हुआ नाम) के साथ आइजीआई एयरपोर्ट थाने में आया और लिखित में शिकायत दी। सोहेल फारूक बंगलूरू से दिल्ली आ रही एयर एशिया की फ्लाइट नंबर-15-722 में सोहेल दिल्ली आ रहा था।
जब फ्लाइट हवा में थी तो आरोपी ने अचानक अपने सारे कपड़े उतार दिए। इमरजेंसी बेल बजाकर मामले की सूचना तुरंत क्रू और फ्लाइट के पायलट को सूचना दी। इमरजेंसी देखकर एटीसी की सूचना दी गई। युवक को कपड़े पहनाए गए।
आईजीआई एयरपोर्ट पर हवाई जहाज से बाहर निकलते ही युवक ने फिर कपड़े उतार दिए। युवक को कपड़कर आईजीआई एयरपोर्ट थाने ले जाया गया तो उसने थाने में भी अपने कपड़े उतार दिए। मामला दर्जकर आरोपी युवक सोहेल को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी बंगलूरू में एक आईटी कंपनी में कस्टमर सर्विस ऑपरेटर की नौकरी करता है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक को अचानक कुछ होता है। वह खुद को रोक नहीं पाता है और कपड़े उतार देता है। पुलिस ने जमानत देकर उसे मंगलवार शाम को पिता के हवाले कर दिया था।