पुलिस को मिली थी गोली कांड की सूचना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात करीब 11.05 बजे एफ ब्लॉक में महिला को गोली मारने की जानकारी मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को पता चला कि सुशीला नाम की महिला को गोली लगी है और परिवार वाले उसे इलाज के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले गए हैं।
किसी विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा
अस्पताल में मिले सुशीला के बेटे करण ने बताया कि रात सात बजे वह अपने दोस्त रवि के साथ स्वरूप नगर स्थित शराब की दुकान के पास खड़े थे। तभी इलाके का रहने वाला मोनू वहां आया। उसका रवि से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। वह रवि के साथ मारपीट करने लगा। करण बीच बचाव कर मामले को शांत करने की कोशिश करने लगा।
आरोपी ने बुलाए थे अपने दोस्त
मोनू ने अपने दोस्त दीपक को फोन कर बताया कि करण और रवि के साथ झगड़ा होने की बात बताई। दीपक ने करण और रवि को अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि रात करीब 9 बजे मोनू और दीपक करण के घर के बाहर पहुंचे।
जान से मारने की धमकी देने पहुंचा था आरोपी
दोनों करण का नाम लेकर गाली गलौज और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। यह सुनकर करण की मां सुशीला देवी और बहन मोनू और दीपक को शांत करने की कोशिश करने लगी। लेकिन दीपक ने सुशीला पर गोली चला दी और वहां से फरार हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुशीला को लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों की तलाश कर रही है।