उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में एक सिरफिरे लड़के ने युवती पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवती के सिर की कई जगह से हड्डी टूट गई। बेहद गंभीर हालत में पीड़िता को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पटपड़गंज के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। 22 वर्षीय युवती वेंटिलेटर पर जिंदगी के लिए जंग लड़ रही है।
हमला करने वाला आरोपी युवक शेखर (24) वारदात के बाद लोनी, गाजियाबाद स्थित अपने घर पहुंचा। वहां जाकर उसने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। बेचारी युवती का कसूर सिर्फ इतना था कि उसके परिजन उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे। आरोपी खुद युवती से शादी करना चाहता था। ज्योति नगर थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद कर लिया है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर ज्योति नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता कुलसुम (22) (बदला हुआ नाम) मीत नगर इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन व तीन भाई हैं। कुलसुम के पिता का सिलाई का काम है, जबकि वह खुद एक निजी कंपनी के स्टोर पर नौकरी करती थी। सोमवार सुबह वह घर से अपने स्टोर जाने के लिए निकली थी। इस दौरान जैसे ही वह घर के नजदीक 20 फुटा रोड पर पहुंची अचानक आरोपी शेखर हथौड़ा लेकर वहां पहुंचा। आरोपी ने करीब एक किलोग्राम का हथौड़ा कुलसुम के सिर पर मार दिया। हथौड़े के एक ही वार से वह वहीं अचेत हो गई। आरोपी वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने कुलसुम के परिजनों को उस पर हुए हमले की सूचना दी। पिता फौरन खून से लथपथ बेटी को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर उसे मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुलसुम के सिर की हड्डी कई जगह से टूट गई है। उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
आरोपी ने लोनी, गाजियाबाद जाकर लगा ली फांसी
वारदात के बाद आरोपी शेखर राजनगर, लोनी, गाजियाबाद स्थित अपने घर पर पहुंचा। वहां पहली मंजिल पर जाकर उसने शॉल के सहारे फांसी लगा ली। लोनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करा दिया है। ज्योति नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर शेखर के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि शेखर का पिता मीत नगर इलाके में कुलसुम के घर के पास ढाबा चलाता है। शेखर भी पिता की मदद के लिए ढाबे पर बैठता था। यहां उसने कुलसुम को देखा तो उस पर लट्टू हो गया। आरोपी को जब पता चला कि कुलसुम की शादी की बात चल रही है। जल्द ही परिवार उसकी शादी करने वाला है तो उसने सनक में कुलसुम पर हमला कर दिया।
युवती के परिजन उसकी सलामती की कर रहे दुआएं
कुलसुम का परिवार उसकी सलामती की दुआएं कर रहा है। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। कुलसुम के परिजनों ने बताया कि पूरे उसके पिता ने सिलाई का काम कर अपने बच्चों को बहुत ही मेहनत से पढ़ाया है। कुलसुम की बहन अर्द्धसैनिक बल में हवलदार है, जबकि उसका भाई यूपी पुलिस में सिपाही है। परिवार का कहना है कि कुलसुम भी नौकरी कर रही थी, परिवार जल्द उसकी शादी करना चाहता था। जैसे ही कुलसुम की शादी की बात चली तो आरोपी ने हमला कर दिया। परिवार को सपने में भी गुमान नहीं था कि आरोपी इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकता है।
शेखर के घर में भी छाया मातम, चार दिन पूर्व हुई थी भाई की शादी
शेखर की मौत के बाद उसके परिवार में भी मातम छा गया है। इसके परिवार में पिता महेंद्र, मां, चार भाई और एक बहन हैं। 17 फरवरी को ही शेखर के बड़े भाई की शादी हुई थी। अभी घर में शादी का ही माहौल था। अचानक शेखर के इस कदम से पूरा परिवार सकते में आ गया है। परिवार को यकीन नहीं हो पा रहा है कि उनका बेटा ऐसा कदम उठा सकता है। महेंद्र ने बताया कि पिछले कई सालों से वह मीत नगर इलाके में खाने का ढाबा चलाता है, कुलसुम भी वहीं पर रहती थी। ज्योति नगर थाना पुलिस परिवार से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।