फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: कांग्रेस नेता अलका लांबा की सतर्कता और पुलिस की फुर्ती से बची शख्स की जान, आत्महत्या करने को था तैयार

Mon, 13 Sep 2021 10:38 AM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने अपनी छत से देखा कि एक व्यक्ति फ्लाईओवर से छलांग लगाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने अपनी सूझबूझ से उसकी जान बचाई।
 
विज्ञापन
पुलिस ने बचाई युवक की जान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में कांग्रेस नेता अलका लांबा द्वारा दी गई जानकारी और दिल्ली पुलिस की सतर्कता के कारण रविवार को आत्महत्या करने जा रहे एक व्यक्ति की जान बचाई गई। कोटला मुबारकपुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान उनके पास एक फोन कॉल आया जिसमें बताया गया कि एंड्रीयुगंज फ्लाइओवर से एक व्यक्ति छलांग लगाने की कोशिश कर रहा है। 

विज्ञापन


सूचना मिलते ही यह जानकारी लोकल बीट स्टाफ, पीसीआर और पेट्रोलिंग मोटरसाइकिल को दी गई। जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर विनय कुमार त्यागी कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और देखा कि 40 वर्षीय एक युवक फ्लाईओवर से छलांग लगाने की कोशिश कर रहा था। वह फ्लाईओवर की रेलिंग के पास खड़े होकर चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था कि वह अपनी जिंदगी से तंग आ चुका है और अब मरना चाहता है।

वहां पहुंचते ही इंस्पेक्टर त्यागी ने कुछ सहकर्मियों को जाल लेकर फ्लाईओवर के नीचे तैनात किया, कुछ को उस व्यक्ति को पकड़ने की तैयारी करने को कहा और खुद उसे बातों में उलझाने में लग गए। उन्होंने उस व्यक्ति को बातों में उलझाकर उसकी समस्याओं को सुलझाने और सभी तरह की संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन


इसी बीच उन्होंने पहले से तैयार सहकर्मियों को इशारा किया। संकेत मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उस युवक को पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली। कुछ देर बाद उसने बताया कि उसका नाम जगत सिंह बिष्ट है और वह उत्तराखंड के अलमोड़ा जिले का रहने वाला है। वह चार साल पहले दिल्ली आया था और फिलहाल हौजखास इलाके में रहता है। कुछ देर आराम करने के बाद उसने अपने एक परिचित के बारे में बताया जिसे मामले की जानकारी दी गई और पुलिस ने जगत सिंह को उन्हें सुपुर्द कर दिया। जाते जाते जगत सिंह ने अपनी जान बचाने के लिए पुलिस को धन्यवाद कहा।

वहीं कांग्रेस नेता अलका लांबा ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया और अपनी तरफ से बरती गई सतर्कता की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि आज शाम छत पर टहलते समय अचानक इस शख्स पर नजर पड़ी, बिना समय गवाये स्थानीय एसएचओ को कॉल किया और पांच मिनट के भीतर मेरे द्वारा बताई गई जगह पर पुलिस ने पहुंच कर शख्स को जो कि शराब के नशे में था, बेरोजगार, परेशान था, आत्महत्या करना चाहता था, की जिंदगी को बचा लिया।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें