आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार से तीन दिन तक राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी दुर्गेश पाठक के समर्थन में प्रचार करेंगे। तीनों दिन के रोड शो में आप प्रत्याशी दुर्गेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार दुर्गेश पाठक का प्रचार किया। इस दौरान जनता से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार का मतलब काम करने वाली सरकार है। भाजपा काम रोकने की राजनीति करती है। जनता ऐसा नेता को चुने जो विकास कार्यों को बढ़ावा दे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने पर शानदार तरीके से काम हुआ है। आज दिल्ली में आठ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक है और उन सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की गंदी राजनीति के कारण जनहित के कोई काम नहीं हो पाते हैं।
राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री समेत राष्ट्रीय पदाधिकारी को भी उतार दिया है। नुक्कड़ सभा में दुष्यंत गौतम ने कहा क्षेत्र में बसे प्रवासी मजदूरों बेहद परेशान हैं। क्योंकि उन्हें कोरोना काल में दिल्ली सरकार का समर्थन नहीं मिला और वे उपेक्षा के शिकार हुए। मीनाक्षी लेखी ने कहा की क्षेत्र में महिलाओं एवं बड़ी संख्या में बसे 1947 के विस्थापितों में भाजपा प्रत्याशी के प्रति उत्साह है।