नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजन व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मादीपुर, तिलक नगर व जनकपुरी विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो निकाला। जबकि रोहिणी व नांगलोई में विधानसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित किया। शुक्रवार के अपने पूरे अभियान में केेजरीवाल ने खुद को दिल्ली के हर परिवार का बेटा बनकर काम करने वाला बताया।
केजरीवाल ने अपनी रैलियों व रोड शो के दौरान लोगों से अपील की कि वह इस बार आप को वोट दें। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस समर्थकों अपनी-अपनी पार्टी को छोड़े बगैर इस बार दिल्ली के लिए, अपने परिवार व बच्चों के लिए आप को वोट दें। केजरीवाल ने कहा कि बीते पांच साल में उनकी सरकार ने बड़ी मेहनत से स्कूल व अस्पताल ठीक किए हैं, किसी और को वोट दे दिया, तो सब खराब हो जाएगा। पांच सालों में दिल्ली के विकास की गाड़ी 100 की चाल से चल रही है। अब अगले पांच साल इसे 150-200 किमी तक की रफ्तार से चलानी है।