दिल्ली विधानसभा का चुनाव होने में बेशक अभी समय है लेकिन आप अपने चुनावी अभियान का आगाज करने जा रही है। इसकी कमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हाथ में होगी। 16 अक्तूबर से केजरीवाल जिला कार्यकर्ता सम्मेलनों के जरिये पार्टी पदाधिकारियों से बात करेंगे। इसमें अगले चरण के चुनावी अभियान की रणनीति तैयार होगी।
दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय का कहना है कि बीते एक माह में आप ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 62 जनसंवाद कार्यक्रम किए हैं। इस दौरान आप के साथ कांग्रेस व भाजपा सरकारों के काम पर भी बात की गई। लोगों को कांग्रेस सरकार के फ्लाईओवर, मेट्रो व लाडली योजना जैसे काम याद हैं।
जबकि भाजपा को लेकर लोग लॉटरी योजना कहते हैं। कुछ लोग मदनलाल खुराना को मेट्रो लाने श्रेय दे रहे हैं। जबकि आप सरकार के बिजली बिल माफी, शिक्षा व मोहल्ला क्लीनिक समेत स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए बदलाव, सीसीटीवी प्रोजेक्ट जैसे दूसरे कई कामों पर लोग खुलकर बोल रहे हैं।
गोपाल राय के मुताबिक अब पार्टी संगठन को चुस्त करने की दिशा में काम करने जा रही है। 16 अक्तूबर से जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को सिलसिला शुरू होगा। 23 अक्तूबर तक चलने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। हर दिन दो सम्मेलन होंगे।
एक संसदीय क्षेत्र में दो जिले व एक जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। हर जिला सम्मेलन में प्रदेश स्तरीय नेताओं से लेकर जिले के बूथ स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे। हर सम्मेलन में 1000-1500 लोग शिरकत करेंगे। इनमें आगे की चुनावी रणनीति तय की जाएगी।
पार्टी बूथ स्तर तक संगठन करेगी मजबूत
जनसंवाद कार्यक्रम खत्म करने के साथ अब पार्टी बूथ स्तर पर अध्यक्षों व संगठन मंत्रियों की तैनाती करने जा रही है। जबकि पिछले दिनों पार्टी की ओर से पोलिंग स्टेशन स्तर पर 2700 मंडलों के चुनाव प्रभारी, मंडल अध्यक्ष व संगठन मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री का सम्मेलन शुरू होने से पहले इनकी तैनाती कर ली जाएगी।
सोमवार को पूर्वांचली बहुल इलाकों में होंगी सभाएं
पूर्वांचल से जुड़े मतदाताओं को लामबंद करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) रविवार से अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत पार्टी उन इलाकों के लोगों में संवाद कार्यक्रम करेगी, जहां पूर्वांचल के लोगों की आबादी ज्यादा है। पार्टी ने इस तरह के 300 पोलिंग स्टेशन की पहचान की है।
अगले करीब 45 दिनों तक दिलीप पांडेय, दुर्गेश पाठक, संजीव झा जैसे आप के पूर्वांचली नेता सभाएं करेंगे। सांसद संजय सिंह खुद करीब 150 सभाओं में मौजूद रहेंगे। संजय सिंह ने बताया कि आप का चुनावी अभियान सकारात्मक होगा। दिल्ली सरकार के कामों के सहारे पार्टी अपना अभियान आगे बढ़ाएगी।