होली त्योहार पर उमड़ने वाली भीड़ की वजह से विशेष तौर पर पूर्वांचल दिशा जाने वाली नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट उलब्ध नहीं है। दिल्ली-पटना के बीच चलने वाली महानंदा एक्सप्रेस में जहां होली के एक दिन पहले तक 200 तक वेटिंग टिकट है तो नार्थ-इस्ट में 100, सीमांचल में 136, श्रमजीवी में 156, वैशाली में 274, तेजस में 104, भागलपुर गरीब रथ में 153 तक वेटिंग टिकट मिल रहा है। इसी तरह संपूर्ण क्रांति, पूर्वा, मगध, फरक्का, ब्रह्मपुत्र, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति समेत अन्य नियमित ट्रेन के किसी भी श्रेणी में कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। लिहाजा यात्रियों को तत्काल व स्पेशल ट्रेन का ही भरोसा है।
टिकट काउंटर से मायूष लौट रहे यात्री
होली त्योहार को लेकर आरक्षित टिकट केंद्र पर इनदिनों भीड़ बढ़ गई है। दिल्ली से लखनऊ, इलाहाबाद, गोरखपुर, पटना, बेतिया, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, कटिहार समेत अन्य दिशाओं में जाने वाली ट्रेनों में आरक्षित बर्थ मिलना मुश्किल हो रहा है। तत्काल टिकट भी आरक्षण केंद्र के टिकट खिड़कियों पर उन्हीं लोगों को मिल पा रहा है जो सबसे अंतिम पंक्ति में रहते है।
कई दिशाओं के लिए चल रही हैं स्पेशल ट्रेन
पिछले एक सप्ताह से रेलवे प्रतिदिन यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 15,16 व 17 मार्च को बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुविधा मिल सके। स्पेशल ट्रेन 04048 आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के लिए बुधवार को ट्रेन रवाना होगी। 04058 मंगलवार को जयनगर के लिए चलेगी। सीतामढ़ी के लिए मंगलवार को चलेगी। सहरसा के लिए बृहस्पतिवार को स्पेशल ट्रेन चलेगी। दरभंगा के लिए सोमवार व बृहस्पतिवार को चलेगी। इसके अलावा प्रयागराज सुपरफास्ट (01907) 20 मार्च को चलेगी। इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ, बांद्रा टर्मिनस-बरौनी, मडगांव-गोरखपुर, जींद-जयपुर मेला स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।