मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों के दौरान दिल्ली के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश (2 सेमी तक) होने की संभावना व्यक्त की है। अगले 12 घंटों के दौरान दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम वर्षा (3-5 सेमी) की भी संभावना है।
इससे पहले दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार शाम झमाझम बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में लोग दिनभर उमस से बेहाल रहे। मौसम ने शाम को एकाएक करवट ली और तेज बारिश से लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन इसके विपरित सुबह से सूरज के तेवर कड़े रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए बादलों ने डेरा डाला, लेकिन बात नहीं बनी। शाम में लोगों की मुराद पूरी हुई और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। नई दिल्ली समेत पूर्वी व उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 33.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में हवा में नमी का स्तर 74 से 95 फीसदी दर्ज किया गया। दिल्ली के अन्य मानक केंद्रों की बात करें तो पालम में अधिकतम पारा 32.6, लोधी रोड में 32.8, नजफगढ़ में 34.4, नोएडा में 32.3, पीतमपुरा में 34 व पूसा में 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट की संभावना जताई है। शाम तक तेज बारिश हो सकती है। इस कड़ी में अधिकतम पारा 31 व न्यूनतम पारा 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अगले दिन भी बारिश जारी रहेगी। इसके बाद मौसम बदलेगा और पारे में इजाफा हो सकता है। उल्लेखनीय है कि हिंद महासागर में मौसमी घटनाओं के कारण इन दिनों सितंबर में भी बारिश दर्ज हो रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आमतौर पर सितंबर में बारिश नहीं होती है। ऐसे में कई सालों में पहली बार है जब सितंबर में मानसून सक्रिय हो रहा है।
संतोषजनक श्रेणी में रही दिल्ली-एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा शुक्रवार को संतोषजनक श्रेणी में रही। एनसीआर में नोएडा की हवा सबसे साफ रही है। अगले 24 घंटों में बारिश होनी की स्थिति में इसमें और भी सुधार देखने को मिल सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 79 रहा। इसके अलावा फरीदाबाद का 84, गाजियाबाद 75, ग्रेटर नोएडा का 78, गुरुग्राम का 78 व नोएडा का एक्यूआई 71 रहा।
सफर इंडिया के मुताबिक, बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार बना रहेगा। अगले 24 घंटों में भी हवा की गुणवत्ता में और सुधार होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में हवा में पीएम 10 का स्तर 72 व पीएम 2.5 का स्तर 35 एक्यूआई रहा।