दिल्ली के शाहदरा मेट्रो स्टेशन पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) के जवानों ने एक यात्री की जान बचा ली। यात्री मोबाइल फोन में व्यस्त होकर प्लेटफार्म से नीचे ट्रैक पर गिरकर घायल हो गया। उसी ट्रैक पर ट्रेन के आने से पहले ही दूसरे प्लेटफार्म पर गश्त कर रहे सीआईएसएफ के जवान भागकर यात्री तक पहुंचे और उसे ट्रैक से सुरक्षित निकाल लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीआईएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि यात्री की पहचान शाहदरा निवासी शैलेंद्र मेहता (57) के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे एक व्यक्ति शाहदरा मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ा था। वह लगातार अपने फोन में व्यस्त था। फोन देखने के चक्कर में उसे पता ही नहीं चला कि वह प्लेटफार्म के किनारे पर आ गया है। पैर फिसलते ही वह ट्रैक पर आ गिरा। इसी ट्रैक पर एक मेट्रो ट्रेन आ रही थी।
सीआईएसएफ जवान की सतर्कता ने बचाई जान
प्लेटफार्म नंबर दो पर सीआईएसएफ के जवान गश्त कर रहे थे। जवानों की नजर ट्रैक पर गिरे व्यक्ति और उस ट्रैक पर आ रही ट्रेन पर पड़ी। यह देखकर सिपाही रोहतास चंद्रा तुरंत भागकर यात्री के पास पहुंचा और उसे सहारा देकर प्लेटफार्म पर चढ़ाया।
यात्री को मामूली चोट लगी थी। उसे स्टेशन कंट्रोलर के कार्यालय में ले जाया गया। जहां यात्री की काउसलिंग की गई। उसके बाद यात्री को जाने दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सीआईएसएफ कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक कीमती जान बच गई।