दिल्ली में जालसाजी के भी अजब-गजब तरीके हैं। बकरीद से पहले एक ऐसा ही मामला आया है। इसमें नकली नोट देकर जालसाज ने बकरा खरीद ले गया। लेकिन लालच उस पर भारी पड़ी। अगले दिन उसने दुबारा विक्रेता के पिता को ठगने की कोशिश की, लेकिन पहचान जाहिर होते ही वह दबोच लिया गया। वहीं, अपने साथी को गिरफ्त में देख दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस पकड़े गए आरोपी के निशानदेही पर फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुर्कमानगेट निवासी इमरान (43) के रूप में हुई है। मूलत: रामपुर यूपी का रहने वाले अनीश ने बताया कि कुछ दिनों से वह अपने पिता नसीम के साथ जाफराबाद 66 फुटा रोड पर बकरा बेच रहा था। 13 जुलाई को दो शख्स बकरा खरीदने के लिए आए। एक बकरा 20 हजार में तय हुआ। उन लोगों ने पैसे देकर बकरा खरीदकर अपने साथ ले गए। लेकिन जब अनीश ने पैसे की जांच की तो पता चला कि आरोपियों के दिए पैसे में पांच सौ रुपये का नोट ही सिर्फ असली दिया बाकी 19 हजार पांच सौ के नोट नकली हैं। उसने इस बात की शिकायत पुलिस से नहीं की।
अगले दिन अनीश के पिता नसीम और उसके दादा लतीफ बकरे बेच रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे दो शख्स बकरा खरीदने आए। बकरा 30 हजार रुपये का तय हुआ। इसी दौरान अनीश वहां पहुंच गया और उसने देखा कि दोनों वही थे, जिन्होंने एक दिन पहले नकली नोट देकर बकरा खरीदा था। अनीश ने बकरा खरीद रहे उस व्यक्ति को दबोच लिया। यह देखकर कार में मौजूद उसका दोस्त फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके पास से 6 दो हजार के नकली नोट मिले। अनीश ने एक दिन पहले दिए नकली नोट को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से कुल पांच सौ के 19 नोट और दो हजार के11 नोट मिले हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जांच में जुटी है।