नई दिल्ली। शाहदरा जिले के जीटीबी एन्क्लेव में पांच सितंबर की रात को मीट कारोबारी विकास की हत्या और उसके भाई सुरेश पर जानलेवा हमला करने के चार आरोपियों को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान निक्की, भाई रोहित, पिता सेवाराम और रिश्तेदार सचिन उर्फ मोटी बुद्धि के रूप में हुई है। आरोपियों ने रंजिश में वारदात को अंजाम दिया था।
दरअसल दोनों परिवार के बीच एक-डेढ़ साल से रंजिश चल रही थी। सुरेश, विकास और इनके परिवार ने सेवाराम व उसके परिवार की पिटाई करने के बाद उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। इससे सेवाराम के परिवार की खूब बदनामी हुई थी, तभी से परिवार बदला लेने की फिराक में था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि शाहदरा जिले के जीटीबी एन्क्लेव में पांच सितंबर की रात को दोनों परिवार के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपियों ने चाकू से वारकर विकास की हत्या कर दी थी। उसके भाई सुरेश पर भी जानलेवा हमला हुआ था। स्थानीय पुलिस ने उसी दिन दो आरोपियों विक्की और रॉकी को गिरफ्तार कर लिया था।
बाकी आरोपी तभी से फरार थे। शुक्रवार दोपहर अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली कि आरोपी दक्षिण दिल्ली के घिटौरनी इलाके में पनाह लिए हुए हैं। सूचना के बाद टीम ने आरोपियों को घिटौरनी गांव स्थित जन्नत अपार्टमेंट से दबोच लिया।