नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने ड्रग तस्करी में शामिल एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 48 ग्राम एम्फैटेमिन नाम का ड्रग्स बरामद किया गया है। जिसकी कीमत पांच लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी अपनी साथी से खेप लेकर मुंबई जा रही थी। पुलिस पूछताछ कर जांच में जुटी है।
रेलवे पुलिस उपायुक्त हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 26 अगस्त की रात साढ़े आठ बजे हवलदार धर्मेंद्र और चंद्रभान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक अफ्रीकी मूल की महिला को गेट नंबर दो के पास संदिग्ध हालत में घूमते देखा। शक होने पर बैग की तलाशी के लिए कहा। महिला हंगामा करने लगी और तलाशी देने से मना कर दिया। पुलिसकर्मियों ने महिला पुलिसकर्मी को मौके पर बुलाकर तलाशी ली। बैग से एक पॉलिथीन में 48 ग्राम एम्फैटेमिन मिला। महिला की पहचान युगांडा निवासी एफ्रांस नामातेंदे (39) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह मुंबई के नानपारा में अपनी साथी बेला के साथ रहती है। वर्ष 2018 में भारत आई थी और मुंबई में कपड़ों का कारोबार करती थी। उसकी मुलाकात माइक नाम के ड्रग तस्कर से हुई और वह इस धंधे से जुड़ गई। 25 अगस्त को वह बेला के साथ दिल्ली आई थी। बेला ने उसे ड्रग की खेप दी। जिसे मुंबई लेकर जाना था।