नई दिल्ली। छावला इलाके में रिटायर्ड पुलिसकर्मी के भाई के घर में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इलाके के एक बदमाश पर आग लगाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। घर का सारा सामान जल गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
किशनचंद (61) सपरिवार घुमनहेड़ा इलाके में रहते हैं। वह दिल्ली पुलिस से रिटायर्ड हैं। किशनचंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका भाई मुकेश भी सपरिवार इसी गांव में रहता है। बुधवार की रात किशनचंद अपने भाई के घर के पास से गुजर रहा था। उसने घर में आग लगी हुई थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला नकुल घर से अंदर से अपने दो साथियों के साथ बाहर निकला।
किशनचंद ने घर में बाहर निकलने पर उसे रोका और पूछताछ की। नकुल ने उसे जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज कर वहां से फरार हो गया। किशनचंद ने आग लगने की जानकारी दमकल विभाग को दी। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से एक स्कूटी, दो एसी, एक फ्रीज और अन्य सामान जल गए। जांच में पता चला कि मुकेश घटना के समय अपने पोते का इलाज करवाने अस्पताल गया था। शुरूआती जांच में रंजिश की बात सामने आ रही है।