फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग की भेंट चढ़ा शनिवार : आजाद मार्केट में लगी आग, तीन इमारतें हुई जमींदाज, आनंद पर्वत में भी लपटें

Sun, 10 Apr 2022 04:43 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली के दो इलाकों में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से दमकलकर्मियों समेत कुल 14 लोग घायल हो गए, हालांकि गनीमत यह रही कि सभी की हालत में स्थिर बनी हुई है।
विज्ञापन
दिल्ली के आजाद मार्केट और आनंद पर्वत औद्योगिक क्षेत्र में लगी आग - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बाड़ा हिन्दूराव इलाके के आजाद मार्केट में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की 22 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य के दौरान एक-एक कर तीन सिलिंडर फट गए। धमाके की वजह से आसपास की कुछ दुकानें व गोदामों में भी आग लग गई। मौके पर बचाव कार्य चल ही रहा था कि अचानक वहां तीन इमारतें जमींदोज हो गई। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा जान का नुकसान नहीं हुआ। मलबे और आग की चपेट में आकर कुल पांच लोग जख्मी और झुलस गए।

विज्ञापन


घायलों को बाड़ा हिन्दूराव और एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि हादसे में करीब पंद्रह दुकानें, गोदाम व एक कार जल गई है। धमाके की वजह से कुछ मकानों को भी क्षति पहुंची। शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेन रोड पर लगे बिजली के खंभे से निकली चिंगारी से आग लगी। इसके बाद आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया। चूंकि दुकानों में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद था, इसलिए देखते ही देखते आग फैलती चली गई। करीब चार घंटे बाद ही आग पर काबू पाया जा सका। बाड़ा हिन्दूराव पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम का दस्ता शनिवार शाम तक मौके पर जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा हटाने में जुटा था।

पुलिस के मुताबिक शनिवार तड़के 4.41 बजे सूचना मिली कि आजाद मार्केट मेन रोड पर बनी कुछ दुकानों में आग लग गई है। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की कुछ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। यहां आजाद मार्केट मेन रोड पर स्कूल बैग, छाते, तिरपाल व दूसरे सामान की दुकानें थीं। जिन बिल्डिंगों में दुकानें बनी थीं उनमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर तीन मंजिलें बनी थीं। इमारत का पीछे का हिस्सा आजाद मार्केट के शिवाजी रोड पर खुलता था। इस तरह इमारत के आगे और पीछे दोनों ओर छह दुकानें थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि तड़के करीब 4.30 बजे आग लगी तो अफरा-तफरी मच गई। सुबह सहरी का समय समाप्त हुआ था।
विज्ञापन


लोग सुबह की नमाज पढ़ने के लिए अपने-अपने घर से निकले थे। स्थानीय शख्स फैज ने बताया कि वह शिवाजी रोड से होते हुए नमाज के लिए मस्जिद जा रहा था। उसने देखा कि वहां बिजली के खंभे से चिंगारी निकली और वेल्डिंग की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वहां दुकान नंबर, 391, 392, 393 और 394 को अपनी चपेट में ले लिया। यहां 391 में छाते और विंडचीटर की दुकान थी। 392 में स्कूल बैग, 393 में तिरपाल और 394 में पॉलिएस्टर फैबरिक का गोदाम था। दुकानों के ऊपर बनी तीनों मंजिलों पर किसी किसी का दफ्तर था तो किसी का गोदाम।

खबर मिलने के बाद बचाव दल भी वहां पहुंच गया। अभी बचाव का काम चल ही रहा था कि वेल्डिंग की दुकान में रखा सिलिंडर एक तेज धमाके के साथ फट गया। दुकानों के ऊपर भी एक गोदाम में रखा सिलिंडर फटा। धमाके के बाद निकली लपटे शिवाजी रोड की दूसरी ओर बनी दुकानों और गोदाम तक पहुंच गई। यहां एक कार चार गोदाम कुछ रिहायशी मकान भी आग की चपेट में आ गए। कार में आग लगने के बाद उसका भी सीएनजी सिलिंडर फट गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी थी। बचाव कार्य के दौरान ही अचानक 391, 392 और 393 नंबर की इमारतें जमींदोज हो गई। इन पर तीन-तीन मंजिलें बनी थी। अफरा-तफरी और धमाके में कुल पांच लोग जख्मी हुए। इनका इलाज जारी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हादसे में कुल 15 दुकानें, चार गोदाम और कुछ मकानों को क्षति पहुंची है। बाड़ा हिन्दुराव थाना पुलिस आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
 

आनंद पर्वत औद्योगिक क्षेत्र में लगी आग

शनिवार सुबह न सिर्फ आजाद मार्केट में बल्कि आनंद पर्वत औद्योगिक क्षेत्र में भी आग लगने की घटना सामने आई है। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी ने बताया कि यहां दमकल की 12 गाड़ियां पहुंचीं जिन्होंने आग पर काबू पा लिया है, अब राहत व बचाव कार्य चल रहा है।

इस दुर्घटना में कुल 9 लोग हताहत हुए हैं, जिनमें से 6 दमकलकर्मी हैं जो आग बुझाते वक्त घायल हो गए। दरअसल आग लगने से कई सिलिंडर ब्लास्ट हुए थे जिसके चलते दमकलकर्मी व नागरिकों को मिलाकर कुल 9 लोग घायल हो गए। इन्हें बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी की हालत स्थिर बनी हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें