देश की राजधानी दिल्ली के छावला इलाके में रविवार रात एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फाइनेंसर को 12 से अधिक गोली मारी गई है। शुरूआती जांच में पता चला है कि मृतक ने आरोपी को चार पांच लाख रुपये कर्ज दिया था। रुपये की लेन-देन को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त धर्मपुरा नजफगढ निवासी नरेश के रूप में हुई है। रविवार शाम को नरेश अपने एक परिचित प्रॉपर्टी डीलर के मिलने छावला इलाके आया था। वह प्रॉपर्टी डीलर के घर पर बैठा था। इसी दौरान तीन चार युवक वहां पहुंचे और नरेश पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। एक दर्जन से अधिक गोली मारे जाने की वजह से नरेश की मौके पर ही मौत हो गयी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरूआती पूछताछ में पता चला कि नरेश पर गोली चलाने वाला आरोपी नांगली सकरावती निवासी नीरज है। जिसकी नरेश से रुपये की लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। करीब दो साल पहले नरेश ने नीरज को चार पांच लाख रुपये उधार दिए थे।
इसके एवज में नरेश ने नीरज की क्रेटा कार गिरवी रख लिया था। एक दिन नीरज दूसरी चाबी लाकर नरेश के घर से अपनी क्रेटा कार लेकर चला गया था। उसके बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। नरेश नीरज ने अपना पैसा वापस करने के लिए कह रहा था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नीरज की तलाश शुरू कर दी है।