संसद भवन में प्रवेश के लिए फर्जी एंट्री पास बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिहार सरकार के मौजूदा मंत्री व गोपालगंज से पूर्व सांसद जनक राम के आप्त सचिव (निजी सचिव) ने मौजूदा सांसद के निजी सचिव का पास चोरी कर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी आप्त सचिव बबलू कुमार आर्य (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक अन्य आरोपी को बिहार से हिरासत में लिया गया है। अपराध शाखा की एक टीम बिहार में जांच के लिए मौजूद है। संसद में फर्जी एंट्री पास को सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लिया है।
पुलिस के अलावा कई अन्य एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बबलू के कहने पर पास बनाने वाले इंटरनेट कैफे मालिक मुकेश कुमार को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। फर्जी पास बनाने की बबलू की आखिर क्या मंशा थी, इसकी पड़ताल की जा रही है।
अपराध शाखा की पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि पिछले दिनों संसद भवन में बबलू कुमार आर्य के नाम से संसद के फर्जी एंट्री पास बनाने का मामला संज्ञान में आया था। बिहार के गोपालगंज से मौजूदा सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन के पीए ज्योति भूषण कुमार भारती को जारी किए गए पास के साथ छेड़छाड़ कर दूसरा पास बनाया गया था।